उत्तराखंड में 17 हजार मतदाता ही देंगे घर से वोट, पोस्टल बैलेट के जरिए शुक्रवार को डाला जाएगा पहला वोट
देहरादून
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव का पहला वोट कल शुक्रवार को डाला जाएगा। अस्सी साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग जनों को मिलने वाली 'घर से वोट' सुविधा के जरिए मतदान की शुरुआत होगी। इस प्रक्रिया से उत्तराखंड में कुल 16,926 मतदाता अपना वोट देंगे। भारत निर्वाचन आयोग ने पहली बार घर पर मतदान की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसमें अस्सी साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग जनों को घर से ही मतदान का विकल्प दिया गया। वोटर लिस्ट के आंकड़ों के मुताबिक इस सुविधा के लिए कुल 1.58 लाख वरिष्ठ नागरिक और 68.47 हजार दिव्यांगजन पात्र थे, लेकिन तय समय तक इस श्रेणी के कुल 16,926 लोगों ने ही घर पर वोट करने का विकल्प चुना है।
चूंकि इस श्रेणी के लिए मतदान में समय लगना है, इसलिए मतदान की शुरुआत भी इस श्रेणी के जरिए शुक्रवार से हो रही है। सभी जिलों में मतदान कर्मी चिन्हित मतदाताओं के घर पर जाकर मतदान सम्पन्न कराएंगे। घर पर मतदान की प्रक्रिया 13 फरवरी तक पूरी की जानी है। इस श्रेणी के शेष मतदाता मतदान केंद्र पर जाकर पहले की तरह मतदान कर सकते हैं।
पेन से लगाना होगा निशान
तय गाइडलाइन के मुताबिक निर्वाचन टीम मतदाता को अपने आने की सूचना पहले से देगी। इसके बाद दो मतदान कर्मी, एक माइक्रो ऑबजरवर, एक सहायक की टीम सुरक्षा कर्मियों के साथ तय समय पर मतदाता के घर पर पहुंचेगी। इसकी सूचना प्रत्याशियों को भी दी जाएगी। घर पर वोट करने के लिए मतदाता को पोस्टल बैलेट पर पसंद के प्रत्याशी के सामने पेन से सही या क्रास का निशान लगाना होगा।

पाठको की राय