Wednesday, October 21st, 2026

ऋषभ पंत के हाथ में ही होगी आईपीएल के दूसरे फेज में टीम की बागडोर

नई दिल्ली
आईपीएल 2021 के दूसरे फेज की शुरुआत 19 सितंबर से होने जा रही है। टूर्नामेंट के दूसरे हाफ के आगाज से पहले दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने कन्फर्म किया है कि यूएई लेग में ऋषभ पंत ही टीम की अगुवाई करते नजर आएंगे। ऐसी अटकलें लगाई जा रही थी श्रेयस अय्यर के टीम में आने के बाद उनको दिल्ली कैपिटल्स की कमान सौंपी जा सकती है, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने साफ कर दिया है कि दिल्ली पंत की कप्तानी में ही अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी जीतने के सपने को पूरा करने की कोशिश करेगी।  ऋषभ पंत की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स का पहले लेग में प्रदर्शन शानदार रहा था और टीम ने 8 मैचों में से 6 में जीत हासिल की थी। दिल्ली टूर्नामेंट स्थगित होने के समय पर प्वॉइंट टेबल में टॉप पर रही थी। पंत ने अपनी कप्तानी की जिम्मेदारी को बखूबी निभाया था और उनका अंदाज भी हर किसी को काफी पसंद आया था। यही वजह है कि टीम ने भारत के इस विकेटकीपर बल्लेबाज को ही कैप्टन बनाए रखने का फैसला किया है। यूएई में खेले गए आईपीएल 2020 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में फाइनल तक का सफर तय किय था, लेकिन फाइनल में टीम को मुंबई इंडियंस के हाथों हार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में पंत इस बार दिल्ली को चैंपियन बनाने के लिए पूरा जोर लगाएंगे और अय्यर का अनुभव भी उनके काम आ सकता है। 

आईपीएल 2021 के स्थगित होने से पहले दिल्ली के ओपनर शिखर धवन और पृथ्वी शॉ ने जमकर धमाल मचाया था और हर मुकाबले में टीम को धांसू शुरुआत दी थी। ऐसे में यूएई में भी टीम अपने सलामी बल्लेबाजों से विस्फोटक बल्लेबाजी की उम्मीद करेगी। धवन अबतक 8 मैचों में 380 रन कूट चुके हैं और ऑरेंज कैप भी उनके सिर पर ही सजी हुई है। वहीं, शॉ ने 8 मुकाबलों में 166.49 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 308 रन जड़े हैं। इनके अलावा पंत पर भी दारोमदार रहेगा और अय्यर के आने से दिल्ली का मिडिल ऑर्डर भी पहले से मजबूत दिख रहा है। गेंदबाजी विभाग में टीम के पास कगिसो रबाडा, एनरिच नॉर्टजे जैसे धाकड़ गेंदबाज मौजूद हैं, जबकि आवेश खान ने भी अपनी बॉलिंग से खासा प्रभावित किया था। 
 

 

#Rishabh Pant

Source : Agency

पाठको की राय