Sunday, October 25th, 2026

कोविड-19 वैक्सीनेशन महा-अभियान में शहडोल जिले में लोगों ने बढ़-चढकर लगवाया टीका

 भोपाल

कोरोना महामारी को नियंत्रित करने के लिये  चलाये जा रहे वैक्सीनेशन महा-अभियान के आज पहले दिन शहडोल जिला मुख्यालय से लगे ग्राम पिपरिया, छतवई एवं निपनिया में टीका लगवाने के लिये लोगों का जन-सैलाब टीकाकरण केन्द्रों में पहुँचा।  दोपहर 3 बजे तक ग्राम छतवई में 164, सांय 4 बजे तक निपनिया में 344 तथा सायं 4.30 बजे तक पिपरिया के 192 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जा चुकी थी। वहीं इन केन्द्रों में  लोगों का आना जारी था। वैक्सीन लगवाने वाले लोगों में जहाँ एक ओर कोरोना से बचने की उत्कंठा झलक रही थी, वहीं जो व्यक्ति वैक्सीन लगवाकर घर जा रहे थे, उनके चेहरे पर प्रसन्नता की झलक भी दिखाई दे रही थी।  ग्राम पिपरिया के मदन चौधरी और श्रीमती मिथलेश ने टीकाकरण के पश्चात् अन्य लोगों को टीका लगवाने के लिये प्रेरित करने की बात भी कही। इसी प्रकार  ग्राम निपनिया के महेन्द्र मिश्रा, ग्राम छतवई की श्रीमती संगीता सोनी, श्रीमती शीला वर्मा एवं ग्राम बरूका के सत्यराम बंजारा ने कोविड-19 टीकाकरण महा-अभियान में सहभागिता निभाते हुए टीकाकरण करवाया।

जिला प्रशासन, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओ, मैं कोरोना वॉलेंटियर एवं  प्रबुद्व नागरिकों द्वारा किये  जा रहे लगातार  वैक्सीनेशन कराने के प्रेरणादायी कार्यों का ही यह सुखद परिणाम हुआ कि, आज टीकाकरण महा-अभियान के प्रथम दिन सुबह 10 बजे से ही लोगों ने  वैक्सीनेशन केन्द्रों में पहुँचना प्रारंभ कर दिया तथा दोपहर तक  लाइन लगाने की स्थिति निर्मित हो गई।  इसी तरह अनेक टीकाकरण केन्द्रों में टीका के डोज दोबारा भी मँगवाने पड़े तथा लोगों को देर शाम तक टीका लगाने का सतत कार्य जारी रहा।

 

#लगवाया टीका

Source : Agency

पाठको की राय