दुग्ध संघ द्वारा मौजूदा साल में ग्वालियर-चंबल संभाग में प्रतिदिन 40 हजार किलोग्राम दूध संकलन का लक्ष्य
मुरैना
ग्वालियर सहकारी दुग्ध संघ द्वारा मौजूदा वित्तीय वर्ष में ग्वालियर एवं चंबल संभाग के अंतर्गत प्रतिदिन औसतन 40 हजार किलोग्राम दूध संकलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो पिछली वित्तीय वर्ष के लगभग दो गुना है। पिछले साल औसतन 20 हजार 18 किलोग्राम दूध का संग्रहण हर रोज हुआ था।
दुग्ध संघ से मिली जानकारी के मुताबिक मौजूदा वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान ग्वालियर संभाग के अंतर्गत ग्वालियर जिले में प्रतिदिन औसतन 545 किलोग्राम, दतिया में 3 हजार 307 व शिवपुरी जिले में 3 हजार 351 किलोग्राम दुग्ध संग्रहण का लक्ष्य रखा गया है। इसी तरह चंबल संभाग के भिण्ड जिले में प्रतिदिन 12 हजार 33 किलोग्राम, मुरैना में 12 हजार 602 किग्रा. और श्योपुर जिले में औसतन 8 हजार 162 किग्रा. दूध प्रतिदिन संग्रहीत करने का लक्ष्य है। ग्वालियर सहकारी दुग्ध संघ द्वारा पिछले वित्तीय वर्ष में ग्वालियर संभाग के ग्वालियर जिले में औसतन 280 किग्रा. प्रतिदिन, दतिया में एक हजार 688 किग्रा. व शिवपुरी जिले में औसतन एक हजार 711 किग्रा. दूध का संग्रहण प्रतिदिन हुआ था। चंबल संभाग के मुरैना जिले में पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान प्रतिदिन औसतन 6 हजार 142 किग्रा., मुरैना में 6 हजार 432 व श्योपुर जिले में 4 हजार 165 किग्रा. दूध दुग्ध संघ द्वारा संग्रहीत किया गया था।
ज्ञात हो ग्वालियर सहकारी दुग्ध संघ के अंतर्गत ग्वालियर संभाग में कुल 228 दुग्ध समितियां व दुग्ध संकलन केन्द्र हैं, जिन्हें मौजूदा साल में बढ़ाकर 276 करने का लक्ष्य है। इसी तरह चंबल संभाग में 256 समितियां व दुग्ध संकलन केन्द्र पिछले साल कार्यरत थे, जिन्हें बढ़ाकर इस साल 348 किया जायेगा।

पाठको की राय