मास्क न पहनने पर लखनऊ में दारोगा ने युवक को पैर से रौंदा
लखनऊ
लखनऊ के सुशान्त गोल्फ सिटी के खुर्दही बाजार में वाहन चेकिंग के दौरान हेलमेट और मास्क न पहनने पर सब इंस्पेक्टर ने युवक से अभद्रता की। उसकी पिटाई की और उसे काफी देर तक पैरों से दबाकर जमीन पर बैठाये रखा। डीसीपी दक्षिणी रवि कुमार ने सब इंस्पेक्टर संजय शुक्ला, सिपाही दिनेश और राजेश कुमार को निलंबित कर दिया। इन तीनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिये गये हैं। उधर आरोपी पुलिसकर्मियों का कहना है कि युवक उन्हें गाली देकर भगा था जिस पर उन्होंने उसे दौड़ा कर पकड़ लिया था।
सेवई इलाके में तैनात सब इंस्पेक्टर संजय शुक्ला अपनी टीम के साथ शाम को वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस बीच बाइक सवार युवक वहां से गुजरा। उसने हेलमेट और मास्क नहीं लगाया हुआ था। पुलिस के रोकने पर उसने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी लेकिन कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने युवक की पिटाई की। युवक की पहचान गोसाईंगंज के वंश प्रताप सिंह के रूप में हुई। वंश को जब पुलिस ने पैरों के बीच दबा लिया तो वहां भीड़ ने भी पुलिस का विरोध किया। इस पर पुलिस ने भीड़ न लगाने को कहा और वंश पर आरोप लगाया कि उसने पुलिस को गाली दी। इस पर पैर से दबे वंश ने कहा कि किसी ने उन्हें गाली देते हुए नहीं सुना। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस की करतूत का वीडियो बना लिया।

पाठको की राय