Tuesday, October 20th, 2026

केआरजी महाविद्यालय में एएसपी ने छात्राओं को बताया, साइबर अपराध से कैसे बचें

ग्वालियर
केआरजी महाविद्यालय में अमृत महोत्सव के अवसर पर उच्च शिक्षा संस्थान में जनभागीदारी से जन आंदोलन कार्यक्रम के अंतर्गत हमारा समाज हमारी जिम्मेदारी अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 'साइबर क्राइम एवं महिला शोषण' शीर्षक पर व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया।  

अतिथि एडिशनल एसपी राजेश दंडोतिया तथा अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य एवं क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक डॉ एम आर कौशल द्वारा की गई। मुख्य अतिथि  राजेश दंडोतिया ने बताया कि सतर्क रहकर साइबर अपराध से कैसे बच सकते हैं।  

उन्होने कहा कि आने वाला समय साइबर क्राइम का रहेगा और परंपरागत अपराध बहुत कम हो जाएंगे। इसके लिए बहुत जरूरी है कि समाज और युवा साइबर क्राइम के विषय में गहराई से जागरूक हो। केआरजी कॉलेज की छात्राएं साइबर क्राइम के विरुद्ध व्यापक स्तर पर आवाज उठा सकती हैं और साइबर सेल को मदद कर सकती हैं। विशिष्ट अतिथि श्रीमती अंजलि बत्रा द्वारा छात्राओं को परीक्षा के दौरान तनाव प्रबंध के टिप्स दिए गए। मंच पर विशेष रुप से अकादमिक सचिव डॉ संजय स्वर्णकार, संयोजक डॉ मंजू दुबे उपस्थित थे।  

नि:शुल्क शिविर में 100 छात्राओं ने कराया रक्त परीक्षण
केआरजी कॉलेज परिसर में निशुल्क रक्त परीक्षण शिविर का आयोजन भी किया गया। जिसमें 100 छात्राओं का निशुल्क रक्त परीक्षण किया गया। एनीमिया से ग्रसित छात्राओं को भविष्य में महिला चिकित्सक एवं डायटिशियन द्वारा आवश्यक सुझाव प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके पूर्व कॉलेज की एनएसएस तथा एनसीसी की छात्राओं  के द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष में एक विशाल रैली का आयोजन किया जिसमें महिला जागरूकता से संबंधित महिला सशक्तिकरण के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। इस रैली का नेतृत्व एनसीसी प्रभारी कैप्टन अर्चना कुशवाहा तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ वीणा शुक्ला,डॉ कृष्णा सिंह तथा डॉक्टर संगीता सोमवंशी  ने किया।

 

#KRG College

Source : Agency

पाठको की राय