Tuesday, October 20th, 2026

मध्य प्रदेश के छतरपुर में कर्मचारी की कमरे में बंदकर पिटाई, भ्रष्टाचार के खिलाफ उठा रहा था आवाज

छतरपुर

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक कर्मचारी को कमरे में बंद कर पीटने का मामला सामने आया है। पिटने वाले शख्स का नाम आनंद दयाल है। वह लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में संभागीय लेखापाल है। आनंद पिछले एक साल से पीएचई ऑफिस में हुए भ्रष्टाचार की शिकायतें करते आ रहे हैं।

मामला हुआ दर्ज
पूर्व कार्यपालन यंत्री महेन्द्र सिंह भाऊ के कार्यकाल में नलजल योजनाओं में हुए भारी भ्रष्टाचार की शिकायत होने के बाद कार्यवाही होने से पीएचई विभाग के एक दर्जन से ज्यादा कर्मचारियों ने आज आनंद दयाल को उसी के कमरे में बंद करके मारपीट की। आनंद दयाल ने इसकी शिकायत सिटी कोतवाली छतरपुर में दर्ज करा दी है। पुलिस ने पुरुषोत्तमदास रैकवार, नंद किशोर रावत, सौरभ पटैरिया, कालका प्रसाद प्रजापति, प्रभात प्रताप सिंह एवं अन्य पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

बिछाई गई हैं पाइप लाइनें
गौरतलब है कि पीएचई ऑफिस में दो साल से प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षा योजना जल जीवन मिशन के तहत जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं स्कूलों में नलजल योजना के तहत पाइप लाइनें बिछाई गई हैं। इसमें लोहे के पाइप न डालकर प्लास्टिक के पाइप डालकर नलजल योजनाओं में भारी भ्रष्टाचार किया गया है। इसकी शिकायत संभागीय लेखापाल आनंद दयाल के द्वारा विभाग के प्रमुख वरिष्ठ अधिकारियों से की थी। उसके फलस्वरूप एक जांच दल भी आया था, जिसे पीएचई विभाग के सभी शाखाओं के प्रभारी कर्मचारियों ने दस्तावेज और कैशबुक उपलब्ध नहीं कराई।

 

#कमरे में बंदकर पिटाई

Source : Agency

पाठको की राय