BJP विधायक दल की बैठक में विधायकों को मिलेगी विभागवार बजट डिटेल
भोपाल
विधानसभा में बजट पेश होने के बाद अब राज्य सरकार उसकी ब्रांडिंग भी करेगी। विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान विधायकों को इसकी जिम्मेदारी दी जा रही है। इसको लेकर सीएम निवास में सोमवार की शाम को भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। बैठक में विधायकों को विभाग वार बजट की बारीकियां बताई जाएंगी और कहा जाएगा कि सदन में उसे चर्चा के दौरान हाईलाइट करने का काम करना है। साथ ही जनता के बीच संवाद के दौरान भी इसे बताया जाना है।
सीएम निवास में यह बैठक शाम सात बजे से होने वाली है। बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी मंत्रियों को भी मौजूद रहने के लिए कहा है ताकि वे अपने विभाग के बजट के बारे में विधायकों को बेहतर जानकारी दे सकें। विधायकों को बजट पर चर्चा के दौरान उनकी रुचि के मुताबिक भी विभागों की जानकारी दी जा सकती है ताकि संवाद के दौरान जनोपयोगी छोटी-छोटी बातों को समझकर वे उसे सदन में हाईलाइट कर सकें और सरकार का पक्ष सदन में बजट पर मजबूती से पेश हो।
सूत्रों ने कहा कि सदन में चर्चा के दौरान कांग्रेस के अब तक के रुख को देखते हुए भी इस बैठक में कांग्रेस को घेरने की पलटवार वाली नीति पर चर्चा की जाएगी। बैठक में कुछ विभागों के एक्सपर्ट्स भी मौजूद रहें गे जो बजट की बारीकियों के बारे में विधायकों को जानकारी देंगे। इस बैठक में सीएम चौहान विधायकों से होली पर्व को लेकर भी चर्चा कर सकते हैं।

पाठको की राय