Sunday, October 25th, 2026

बिहार-पटना में ट्रक ने बाइक सवार मां बेटे को कुचला, दोनों की मौके पर हुई मौत

पटना.

पटना में अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार मां-बेटे को कुचल डाला, जिसमें दोनों की  घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना बेउर थाना क्षेत्र के बाईपास की है। मृतकों की पहचान दीदारगंज निवासी मन्ना देवी और उसके पुत्र राकेश कुमार के रूप में की गई है। घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि मन्ना देवी अपने बेटे राकेश कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर अपने बीमार रिश्तेदार से मिलने अस्पताल गए थे।

वापस लौटने के दौरान बेउर थाना के 70 फीट के पास तेज रफ्तार से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। घटना होते ही वहां अफरातफरी का माहौल हो गया। ट्रक ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद दोनों मां बेटे का शव सड़क पर काफी देर तक पड़ा रहा। हालांकि घटना के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गये। इस बीच कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। फिर स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना बेउर थाना को दी। घटना की सूचना मिलते ही बेउर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पुलिस ने दोनों मां बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेज दिया।

अब सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
इस मामले में बेउर थानाध्यक्ष का कहना है कि ट्रक का ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी के माध्यम से फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश की जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने इसकी सूचना परिवार के लोगों को दी है। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग पटना एम्स पहुंचे। हालांकि स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश भी देखा गया। लोगों का कहना है कि इस रास्ते में गाड़ियों की रफ्तार काफी तेज होती है। इस वजह से आए दिन इस मार्ग पर छोटी बड़ी घटनाएं होते रहती है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस थाने की पुलिस गाड़ियों के रफ्तार पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल है।

 

#Bihar-Patna#truck crushed bike#mother-son dead

Source : Agency

पाठको की राय