Sunday, October 25th, 2026

बिहार-मोतिहारी में रेटीना से हाजिरी का राज्य स्वास्थ्य समिति ने दिया आदेश, हड़ताल पर उतरे NHM कर्मी

मोतिहारी.

मोतिहारी में स्टेट हेल्थ सोसाइटी ने एचएम कर्मियों को रेटीना से हाजिरी बनाने का फरमान जारी किया तो एनएचएम कर्मी हड़ताल पर चले गए। इसमें एएनएम, सीएचओ सहित सभी एनएचएम के संविदा कर्मी शामिल हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़वा में हड़ताल पर डटे इन कर्मियों ने बताया कि स्टेट हेल्थ सोसाइटी के द्वारा इन कर्मियों के लिए अव्यावहारिक एवं अविवेकपूर्ण आदेश जारी किया है।

स्टेट हेल्थ सोसाइटी ने इन एनएचएम कर्मियों को एफआरएएस विधि से उपस्थिति दर्ज करने का आदेश दिया है। यह आदेश केवल इन कर्मियों को ही दिया गया है, जबकि नियमित कर्मियों के लिए ऐसा आदेश नहीं है। यह उनके साथ सौतेला व्यवहार है। एनएचएम कर्मियों में एएनएम व अन्यकर्मी फील्ड वर्क से जुड़े होते हैं और उनके सुविधा पर सरकार का कोई ख्याल नहीं है। जबकि स्वास्थ्य विभाग के अधिकांश कार्य इन्हीं एचएम कर्मियों के भरोसे है। एनएचएम कर्मियों ने हड़ताल के दौरान बताया कि उनके हड़ताल पर जाने के अन्य कई कारण हैं, जिनमें इनकी कई मांग शामिल हैं। इसमें समान काम समान वेतन देने, सेवा को स्थाई करने, प्रत्येक कर्मी को स्मार्टफोन उपलब्ध कराने, कार्य क्षेत्र में सुविधाजनक व्यवस्था देने ,आवास भत्ता, मेडिकल और टीए इत्यादि देने की कई मांग शामिल हैं। जब तक सरकार उनकी मांगों को नहीं मानेगी, तब तक कर्मी हड़ताल पर रहेंगे।

मौके पर एएनएम बीणा कुमारी, विभा कुमारी, रंजना कुमारी, मनीषा कुमारी, काजल कुमारी, शशि कुमारी, रूचि कुमारी, चंदा कुमारी, रंजू कुमारी, चंचला कुमारी, रेखा कुमारी, किरण कुमारी, मीना कुमारी सीएचओ अहसानुल्लाह, कुणाल कुमार, विजय कुमार, मोहम्मद जाहिद, रवि कुमार यादव, संजय कुमार, निशांत कुमार और सोनू लखेरा इत्यादि एनएचएम कर्मी शामिल रहे।

 

#Bihar-Motihari#retina attendance#NHM workers strike

Source : Agency

पाठको की राय