Friday, October 23rd, 2026

भू-माफिया तान रहे अवैध बिल्डिंग, रहवासियों ने संभागायुक्त, कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त से की शिकायत

भोपाल
प्रदेश में एक तरफ भू-माफियाओं को नेस्तानाबूत करके उनके अतिक्रमण तोड़े जा रहे हैं। वहीं, राजधानी के पॉश इलाके में शुमार ईदगाह हिल्स में खुलेआम भू-माफियाओं द्वारा निर्माण करके कब्जा किया जा रहा है। यही नहीं बिना अनुमति भू-माफिया नाले की जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। ईदगाह हिल्स बचाओ कल्याण समिति द्वारा इस अतिक्रमण को लेकर संभागायुक्त, कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त से शिकायत की गई है। हालांकि शिकायत के बाद भी अब तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई।

रहवासियों के आरोप है कि जिला प्रशासन और नगर निगम के भ्रष्ट लोगों की मदद से भू-माफिया यह निर्माण कर रहे हैं और उस पर कोई कार्रवाई भी नहीं हो रही है।  ईदगाह हिल्स बचाओ कल्याण समिति के अनुसार टीबी अस्पताल, न्यू मौलाना आजाद कॉलोनी सहारा परिसर के पास से निकले सार्वजनिक नाले पर कुछ भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जा किया जा रहा है। यहां पर प्लाटिंग करने के उद्देश्य से नाले के नजदीक कॉटल वॉल का निर्माण किया जा रहा है।

जबकि शासन और कलेक्टर के आदेशानुसार ईदगाह डेयाढ़ी पर किसी तरह का निर्माण करना अवैध है। यहां पर जमीन बेचने और खरीदने पर भी रोक लगी हुई है। ऐसे में भूमाफिया अफसरों की नाक के नीचे यह काम कर रहे हैं। इस निर्माण के बाद नाले का बहाव भी प्रभावित होगा। रहवासियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो रहवासी आंदोलन करके अपने बात सरकार और प्रशासन के सामने रखेंगे।

 

#Illegal building

Source : Agency

पाठको की राय