Friday, October 23rd, 2026

आईएफएस गणेश यूआर व डिप्टी कलेक्टर अर्चना ने दिए सक्सेस टिप्स

रायपुर
कलेक्टर एवं अध्यक्ष नालंदा परिसर प्रबंधन सोसायटी रायपुर सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में, नालंदा परिसर लाइब्रेरी के सदस्यों को विभिन्न प्रतियोगी परिक्षाओं में चयनित  अधिकारियों से प्रत्यक्ष संवाद का सुअवसर उपलब्ध कराने के लिए विगत माह से प्रारंभ किए गए सफलता की पाठशाला कार्यक्रम के तहत गुरूवार को कैरियर गाइडेंस सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सेमिनार में 2019 बैच के आईएफएस गणेश यू. आर. एवं वर्ष 2016 बैच की सीजीपीएससी की टॉपर डिप्टी कलेक्टर अर्चना पांडेय ने सदस्यों को सफलता के मंत्र बताये।                 

गणेश यू. आर. ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित  सिविल सेवा परीक्षा एवं भारतीय वन सेवा परीक्षा के लिए सफलता के टिप्स प्रदान किया। गणेश ने बताया कि विद्यार्थी एनसीईआरटी एवं एनआईओएस के कक्षा 6वीं से 12 वीं तक के पुस्तकों के साथ अन्य प्रमाणिक पुस्तकों के गहन अध्ययन एवं सकारात्मक सोच के साथ संघ लोक सेवा आयोग एवं राज्य लोक सेवा आयोगों द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकते हैैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अधिक से अधिक मॉक टेस्ट दिलाएं तथा पूर्व वर्षों के प्रश्न पत्रों को समयसीमा में हल करने का अभ्यास करें। विभिन्न विषयों के कॉनसेप्ट को समझने के लिए शासन एवं अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के आॅडियो-वीडियो का भी लाभ उठायें। छात्र रीडिंग, मैपिंग के माध्यम से करें तथा अपनी कमजोरियों को पहचान कर उन्हें दूर  करने का सतत् प्रयास करें।

श्री गणेश ने प्रारंभिक परीक्षा के वस्तुनिष्ठ प्रश्नों को समय सीमा में हल करने की रणनीति, मुख्य परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए उत्तर लिखने की तकनीक तथा साक्षात्कार के लिए विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने सदस्यों के सवालों एवं जिज्ञासाओं का भी विस्तारपूर्वक समाधान किया। सेमिनार में सीजीपीएससी के 2016 बैच की टॉपर डिप्टी कलेक्टर अर्चना पांडेय ने सदस्यों को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के संबंध में जानकारी प्रदान किया। कार्यशाला के संबंध में  रोजगार अधिकारी एवं नालंदा परिसर के नोडल अधिकारी केदार पटेल ने बताया कि सफलता की पाठशाला कार्यक्रम के तहत इस प्रकार का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा। लाइब्रेरियन डॉ. मंजुला जैन ने बताया कि इस पहल से छात्रों में बहुत उत्साह है। इस कार्यशाला में 60 से अधिक प्रतिभागी सदस्य उपस्थित थे।

नालंदा परिसर के सदस्य एवं यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे करन कुमार पांडेय ने इस कार्यशाला को बहुत महत्वपूर्ण और मोटीवेशनल बताया तथा जिला प्रशासन की इस पहल को छात्रों के हित में उल्लेखनीय कदम बताया। इसी प्रकार सीजीपीएससी की तैयार कर रही शीतल शिल्के ने इस आयोजन के संबंध में बताया कि अधिकारियों से प्रत्यक्ष रूप से मिलने से उनमें नया उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ है, जो निश्चित ही उनकी तैयारी में सहायक सिद्ध होगी।

 

#IFS

Source : Agency

पाठको की राय