Friday, October 23rd, 2026

शराब पीने से किया मना तो शराबियों ने किया हमला, दो पुलिसकर्मियों को पीटा, तीन गिरफ्तार

बहराइच 
बहराइच जिले के हरदी क्षेत्र में कथित तौर पर सार्वजनिक स्थल पर बैठकर शराब पीने से मना करने वाले अराजक तत्वों ने लाठी, डंडे और सरिया से हमला कर दो पुलिस कर्मियों को घायल कर दिया। इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है जिनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अशोक कुमार ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को हरदी थाना क्षेत्र के राजी चौराहे के पास स्थित बैंक शाखा के निकट बैठकर कुछ लोगों के शराब पीने की सूचना मिलने पर पुलिस चौकी में ड्यूटीरत आरक्षियों ने वहां पहुंचकर कथित शराबियों को अपने-अपने घर जाने को कहा।

उन्होंने बताया कि नशे में धुत उदयराज सिंह, चंदन सिंह, सर्वजीत सिंह, रवि सिंह और रवि पाठक ने पुलिस के जवानों पर लाठी, डंडा और सरिया से हमला कर दिया जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गये हैं। उन्हें स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुमार ने बताया कि पांचों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उदयराज, चंदन और सर्वजीत को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष दो अभियुक्त रवि सिंह व रवि पाठक बचकर भागने में सफल हो गये। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।

 

#शराब पीने

Source : Agency

पाठको की राय