सरकार बनी तो 24 घंटे में 300 यूनिट फ्री बिजली -मनीष सिसोदिया
लखनऊ
यूपी में अगले साल होने जा रहे असेंबली चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने बड़ा ऐलान किया है. आप नेता और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि अगर यूपी में AAP की सरकार बनी तो 24 घंटे के अंदर हर परिवार को 300 यूनिट फ्री बिजली मिलनी शुरू हो जाएगी.
'बिजली के पुराने बिल माफ होंगे'
लखनऊ में प्रेस वार्ता करते हुए दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने ये भी ऐलान किया कि सभी किसानों को कृषि कार्यों के लिए मुफ्त बिजली (Free Bijli) दी जाएगी. साथ ही लोगों के सभी पुराने बकाया बिलों को माफ कर दिया जाएगा. मनीष सिसोदिया ने कहा कि ये हमने दिल्ली में कर के दिखा दिया है, अब उत्तरप्रदेश की बारी है.
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की जनता ये देख कर आश्चर्य में है कि दिल्ली के लोगों को मुफ्त में बिजली (Free Bijli) कैसे मिलती है. अब वह भी दिल्ली की तरह यूपी में फ्री बिजली चाहती है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी को लोगों से प्यार और सम्मान मिल रहा है. ये सब अरविंद केजरीवाल के गुड गवर्नेंस का नतीजा है.
'किसानों को भी मिलेगी फ्री बिजली'
सिसोदिया (Manish Sisodia) ने कहा, 'केजरीवाल जी का मानना है कि 21 वी सदी के भारत मे बिजली लक्जरी नहीं मूल अधिकार की चीज है. बुनियादी जिंदगी के लिए बिजली देना सरकार की मूल जिम्मेदारी है. सभी किसानों के लिए बिजली एकदम मुफ्त दी जाएगी. बिजली के मुकदमे और बिल माफ होंगे.'
उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है. दिल्ली में बिजली का उत्पादन नहीं होता. फिर भी खरीद कर लोगों को फ्री बिजली दी जाती है. उत्तर प्रदेश में तो बिजली का उत्पादन किया जाता है लेकिन यहां गलत नीतियों के कारण लोगों को महंगी बिजली दी जाती है. इसके चलते तमाम लोग हर साल सुसाइड करने को मजबूर होते हैं.
असेंबली चुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी
डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने पार्टी के यूपी प्रभारी संजय सिंह के साथ मिलकर आगामी यूपी असेंबली चुनाव के लिए 100 प्रत्याशियों की पहली सूची भी जारी की. यूपी में चुनाव जीतने पर पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा, इस सवाल पर सिसोदिया ने कहा कि समय आने पर पार्टी यह तय कर देगी.
AAP के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी को पूरे उत्तर प्रदेश में लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है. पार्टी दिल्ली सरकार के विकास मॉडल को लेकर जनता के सामने जाएगी. इस बात का पूरा विश्वास है कि जनता हमारा साथ देगी.

पाठको की राय