बंदूक के बल पर कार चोरी होने की ट्विटर पर की शिकायत तो लखनऊ पुलिस ने ऐसे दिया जवाब
लखनऊ
गोमतीनगर विस्तार शहीद पथ के पास शनिवार सुबह अभिषेक अवस्थी से असहले के बल पर कार लूट ली। पीड़ित ने लखनऊ पुलिस के ट्विटर हैण्डल पर ट्विट कर इस बात की जानकारी दी। जिसके बाद यूपी पुलिस ने उसे जवाब दिया और शिकायत मिलने के बाद एसीपी गोमतीनगर श्वेता श्रीवास्तव ने छानबीन शुरू की। देर रात अभिषेक गोमतीनगर विस्तार थाने पहुंचे और मुकदमा दर्ज कराया।
शालीमार अपार्टमेंट निवासी अभिषेक अवस्थी प्राइवेट कम्पनी में कार्यरत है। शनिवार सुबह आठ बजे करीब वह कार लेकर निकले थे। शहीद पथ के करीब एक पान की गुमटी के पास उन्होंने कार रोक दी। अभिषेक के मुताबिक वह कार से उतर रहे थे। तभी बाइक सवार दो बदमाश आ धमके। जिन्होंने असलहे के बल पर उनकी कार लूट ली। विरोध करने पर धमकी देते हुए फरार हो गए।
वहीं लखनऊ पुलिस के इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार अनिल कुमार सिंह के मुताबिक अभिषेक अवस्थी सिगरेट पीने के लिए कार से निकले थे। पान की गुमटी के पास उन्होंने कार रोक दी। फिर चाभी निकाल कर ड्राइविंग सीट पर रखी और कुछ दूर सिगरेट पीने चले गए। इस बीच बदमाश अभिषेक की कार स्टार्ट कर भाग निकले।
इंस्पेक्टर के मुताबिक अभिषेक ने वारदात के बाद पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन नहीं किया था। वह सीधे घर चले गए। रात करीब दस बजे अभिषेक ने ट्वीट कर कार लूटे जाने का मैसेज किया। जिसके बाद पुलिस ने ही उन्हें फोन कर थाने आने के लिए कहा। एसीपी गोमतीनगर श्वेता श्रीवास्तव ने बताया कि अभिषेक के बयान के आधार पर पड़ताल की जा रही है। बताए गए घटनास्थल के पास लगे सीसी कैमरों की फुटेज भी निकलवाई गई है।

पाठको की राय