Monday, October 19th, 2026

ममता बनर्जी में हिम्मत है तो PM मोदी के खिलाफ चुनाव लड़कर दिखाएं, भाजपा नेता ने दी चुनौती

नई दिल्ली.

बीजेपी लीडर अंगमित्रा पॉल ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में ममता वाराणसी लोकसभा सीट से इलेक्शन लड़कर दिखाएं। पॉल ने कहा, 'आखिर ममता बनर्जी वाराणसी से चुनाव क्यों नहीं लड़तीं? अगर ममता कांग्रेस लीडर प्रियंका गांधी की जगह चुनाव लड़ने की हिम्मत करती हैं तो फिर उन्हें ऐसा करना चाहिए।

क्या आप प्रधानमंत्री बनना चाहती हैं? इसके लिए यही उचित होगा कि हमारी सीएम लोकसभा इलेक्शन में पीएम मोदी के खिलाफ खड़ी हों।' अंगमित्रा पॉल ने विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया के भीतर दिखावे का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी स्थानीय चुनावों से पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्या को लेकर TMC के खिलाफ आवाज उठाते रहे, अब ममता बनर्जी को नई दिल्ली में सोनिया गांधी के साथ मंच साझा करते देखा जा रहा है। यहां तो अच्छी दोस्ती का दिखावा हो रहा है। भाजपा नेता ने कहा, 'टीएमसी का हाथ थामकर कांग्रेस आम चुनाव लड़ने की तैयारी में है। मैं सवाल पूछना चाहती हूं कि क्या अब अधीर रंजन चौधरी पीड़ित परिवारों को जवाब दे पाएंगे? वे उन लोगों से क्या कहेंगे?'

खरगे को लेकर ममता के प्रस्ताव के बाद आई टिप्पणी
बीजेपी लीडर की यह टिप्पणी ममता बनर्जी के उस प्रस्ताव के बाद आई जिसमें उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को गठबंधन का संयोजक बनाने और प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने की पैरवी की थी। हालांकि, खुद खरगे ने इस प्रस्ताव को ठुकराते हुए कहा कि इस पर फैसला चुनाव में जीत के बाद ही होगा। बैठक में गठबंधन के घटक दलों के प्रमुख नेताओं ने अगले लोकसभा चुनाव के लिए जनवरी, 2024 के दूसरे सप्ताह तक सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने का फैसला किया। तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना ने 31 दिसंबर तक ही सीट बंटवारे का काम  पूरा करने की पैरवी की थी।

 

#Mamata Banerjee#courage#elections#against Modi

Source : Agency

पाठको की राय