Wednesday, October 21st, 2026

छत्तीसगढ़ में चुनाव के बीच आईईडी ब्लास्ट, सुकमा में एक जवान घायल

सुकमा/रायपुर.

छत्तीसगढ़ में आज पहले चरण के लिए मतदान हो रहा है। इसी बीच सुकमा में आईईडी विस्फोट की खबर सामने आई है। इससे पहले बीते सोमवार को कांकेर में नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया था। मिली जानकारी के मुताबिक, सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि सुकमा के टोंडामरका इलाके में नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट किया है। इस धमाके में सीआरपीएफ कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया। जवान को चुनाव ड्यूटी में तैनात किया गया था।

राज्य में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करने के लिए सेंट्रल आर्मड पुलिस फॉर्स को यहां स्थानीय पुलिस के साथ तैनात किया गया है। कांकेर कलेक्टर प्रियंका शुक्ला ने कहा कि इस वक्त नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कुछ पोलिंग सेंटर्स पर ड्रोन से नजर रखी जा रही है। चुनाव आयोग के आदेशानुसार, नक्सल प्रभावित इलाकों में पुलिस और सुरक्षाबलों को पोलिंग स्टेशनों पर तैनात किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में चुनाव से पहले धमाका
कांकेर में भी बीते सोमवार को नक्सलियों ने विस्फोट किया था। मतदान से ठीक एक दिन पहले पखांजुर क्षेत्र के छोटेबेटिया थाना के तहत रेंगावाही धान खरीदी केंद्र के पास स्थिति पुलिया पर नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया। जवान सर्चिंग पर निकले थे। तभी नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम दिया। इस घटना पर पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया था कि कांकेर में हुए आईईडी ब्लास्ट में बीएसएफ का एक जवान और मतदान दल के दो सदस्य घायल हो गए हैं। बीएसएफ और जिला बल की संयुक्त पार्टी कांकेर जिले के थाना छोटेबेटिया के चार मतदान दलों को लेकर कैम्प मारबेड़ा से रेंगाघाटी रेंगागोंदी मतदान केन्द्र जा रही थी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिनका इलाज चल रहा है।

 

#Naxalites tried to challenge

Source : Agency

पाठको की राय