Thursday, October 22nd, 2026

इस स्पिनर पर चली ICC की कैंची, गलत तरह से बॉलिंग करने का पाया गया दोषी

दुबई 
 इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने अवैध गेंदबाजी एक्शन के मद्देनजर जिम्बाब्वे के स्पिनर रॉय कैया के इंटरनेशनल क्रिकेट में गेंदबाजी करने पर रोक लगा दी है। आईसीसी ने मंगलवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि एक स्वतंत्र पैनल द्वारा किए गए आंकलन में जिम्बाब्वे के ऑलराउंडर रॉय कैया के गेंदबाजी एक्शन को अवैध पाया गया है, इसलिए तत्काल प्रभाव से उनके इंटरनेशनल क्रिकेट में गेंदबाजी करने पर रोक लगा दी गई है। रॉय हालांकि जिम्बाब्वे क्रिकेट की सहमति से घरेलू क्रिकेट में गेंदबाजी कर सकते हैं।
 
आईसीसी ने इस पर कहा कि, 'संदिग्ध अवैध गेंदबाजी एक्शन के साथ रिपोर्ट किए गए गेंदबाजों की समीक्षा के लिए आईसीसी नियमों के अनुच्छेद 11.1 के अनुसार, रॉय के इंटरनेशनल क्रिकेट में गेंदबाजी पर बैन को सभी नेशनल क्रिकेट महासंघों द्वारा अपने अधिकार क्षेत्र में खेले जाने वाले घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंटों में भी ध्यान में रखा जाएगा और लागू किया जाएगा, हालांकि आईसीसी नियमों के अनुच्छेद 11.5 के अनुसार और जिम्बाब्वे क्रिकेट की सहमति से रॉय उनके तत्वावधान में खेले जाने वाले घरेलू क्रिकेट टू्र्नामेंट में गेंदबाजी कर सकते हैं।'
 
उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश के खिलाफ हरारे में सात से 11 जुलाई के बीच खेले गए टेस्ट मैच के दौरान 29 साल के ऑफ स्पिनर रॉय के संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन की शिकायत की गई थी। आईसीसी के मुताबिक एक विशेषज्ञ पैनल ने रॉय के गेंदबाजी एक्शन के फुटेज की समीक्षा की, क्योंकि कोरोना महामारी के चलते विभिन्न प्रतिबंधों के कारण आईसीसी मान्यता प्राप्त केंद्र में आंकलन करना संभव नहीं था। समीक्षा के बाद पैनल इस निष्कर्ष पर आया कि गेंदबाजी के दौरान रॉय की कोहनी 15 डिग्री से ज्यादा मुड़ती है जो अवैध है। आईसीसी नियमों के अनुसार अब रॉय कैया गेंदबाजी एक्शन में सुधार के बाद पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं।

 

#ICC की कैंची

Source : Agency

पाठको की राय