Thursday, October 22nd, 2026

आईसीसी ने वुमेंस टी20 रैंकिंग की जारी, हरमनप्रीत कौर और शेफाली वर्मा को फायदा, प्रियदर्शनी ने मारी छलांग

नई दिल्ली
आईसीसी ने मंगलवार को वुमेंस टी20 रैंकिंग का साप्ताहिक अपडेट दिया है, जिसके बाद भारत की बल्लेबाज और कप्तान हरमनप्रीत कौर और ओपनर शेफाली वर्मा को आईसीसी महिला टी20 प्लेयर्स रैंकिंग में फायदा हुआ है। श्रीलंका की स्पिनर इनोशी प्रियदर्शनी भी आगे बढ़ गई हैं। श्रीलंका में खेले जा रहे महिला टी20 एशिया कप में अपने प्रदर्शन के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर और सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा टी20 रैंकिंग में अब संयुक्त रूप से 11वें स्थान पर हैं।

हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद पांच और संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ 66 रन बनाए थे, जिससे उन्हें एक स्थान का फायदा हुआ है, जबकि शेफाली वर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ 40 और यूएई के खिलाफ 37 रन बनाए थे, जिससे उन्हें चार स्थान का फायदा हुआ। वे पहले 15वें स्थान पर थीं और अब 11वें स्थान पर पहुंच गई हैं। श्रीलंका की ऑफ स्पिनर प्रियदर्शनी की बात करें तो उनको तीन पायदानों का फायदा हुआ है। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 2 और मलेशिया के खिलाफ एक विकेट चटकाया था। वे सातवें से चौथे पायदान पर पहुंची हैं।

अन्य बल्लेबाजों में ऋचा घोष का नाम है, जिन्होंने यूएई के खिलाफ अपने करियर का पहला टी20आई अर्धशतक जड़ा। इस पारी की बदौलत उनको चार पायदानों का फायदा हुआ है। वे 28वें से 24वें पायदान पर पहुंच गई हैं। बांग्लादेश की मुर्शिदा खातुन 47वें स्थान पर पहुंची हैं, जो टॉप 50 से बाहर थीं। मौजूदा समय में बल्लेबाजों की रैंकिंग में टॉप पर ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी हैं। गेंदबाजी में शीर्ष पर इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन हैं। वहीं, ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में वेस्टइंडीज की हीली मैथ्यूज नंबर वन पर कायम हैं। ऑलराउंडर्स में दीप्ति शर्मा तीसरे पायदान पर हैं। अन्य कोई भारतीय टॉप 10 में नहीं है।  

 

 

#ICC released Women's T20 rankings

Source : Agency

पाठको की राय