Friday, October 23rd, 2026

आईसीसी ने जारी की टी-20 रैंकिंग,सूर्यकुमार यादव नंबर-2 पर

    नई दिल्ली

वेस्टइंडीज़ के खिलाफ जारी टी-20 सीरीज़ में भारत के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं. सूर्यकुमार ने तीसरे टी-20 मैच में भी ताबड़तोड़ पारी खेली और अब उन्हें इसका ज़बरदस्त फायदा भी मिला है. आईसीसी द्वारा जारी बल्लेबाजों की ताज़ा टी-20 रैंकिंग में सूर्यकुमार यादव नंबर-2 पर पहुंच गए हैं.

अब बस पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ही उनके आगे हैं, दोनों खिलाड़ियों में सिर्फ दो ही  रेटिंग्स प्वाइंट का अंतर है. अगर सूर्यकुमार यादव अगले दो टी-20 मैच में भी ज़बरदस्त प्रदर्शन कर देते हैं, तो उनके पास नंबर-1 बल्लेबाज बनने का मौका होगा. टी-20 रैंकिंग में सूर्यकुमार यादव इकलौते भारतीय बल्लेबाज हैं, जो टॉप-10 में शामिल हैं.

सूर्यकुमार यादव के 816 रेटिंग्स प्वाइंट हैं, जबकि बाबर आजम के 818 रेटिंग्स प्वाइंट हैं. क्योंकि पाकिस्तान को अगले कुछ दिनों तक कोई टी-20 मैच नहीं खेलना है, ऐसे में सूर्यकुमार यादव बाबर आजम को पछाड़ सकते हैं.

सूर्यकुमार यादव ने जब से टीम इंडिया में कदम रखा है, वह बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं. खासकर टी-20 इंटरनेशनल में वह लगातार रन बरसा रहे हैं, पहले नंबर-4 पर बैटिंग करते हुए उन्होंने रन बनाए और इस सीरीज़ में वह ओपनिंग कर रहे हैं. वेस्टइंडीज़ के खिलाफ जारी सीरीज़ में सूर्यकुमार यादव तीन मैच में 111 रन बना चुके हैं और लिस्ट में टॉप पर हैं.

अगर बॉलर्स की रैंकिंग को देखें तो सिर्फ भुवनेश्वर कुमार ही इकलौते भारतीय हैं, जो टॉप 10 में हैं. भुवनेश्वर कुमार 653 रेटिंग्स के साथ 8वें नंबर पर हैं. अगर सूर्यकुमार यादव की बात करें तो उन्होंने अभी तक भारत के लिए 22 टी-20 मैच खेले हैं, इनमें उनके नाम करीब 39 की औसत से 648 रन हैं. सूर्यकुमार यादव ने हाल ही में टी-20 इंटरनेशनल में शतक भी जड़ा था.

 

#Suryakumar Yadav

Source : Agency

पाठको की राय