Monday, October 19th, 2026

कड़कड़ाती ठंड में करणी सेना परिवार के सैकड़ों सदस्यों का जमावड़ा लगा रहा

भोपाल

राजधानी के जंबूरी मैदान में लगातार दूसरे दिन भी करणी सेना परिवार के सैकड़ों सदस्यों का जमावड़ा लगा रहा। देर रात यानी सोमवार को भोपाल का न्यूनतम पारा 7.2 डिग्री की कड़कड़ाती ठंड होने के बावजूद 500 से ज्यादा पदाधिकारी जंबूरी मैदान में डटे रहे और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे। यही नहीं, एक दिन पहले भी भोपाल का न्यूनतम पारा 6.2 था और शनिवार-रविवार की दरमियानी रात भी हजारों कार्यकर्ता ठंड में अपनी मांगों को लेकर एकजुट हुए।

करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर ने अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल शुरू कर दी है। ऐसे में प्रदेश और दूसरे राज्यों से आए हजारों लोग वापस चले गए, लेकिन शेरपुर के साथ सैकड़ों लोग अब भी मैदान में डटे हुए हैं। ऐसे में रविवार सुबह से शाम तक जंबूरी मैदान के आसपास की कॉलोनियों और बस्तियों में जाम जैसे हालात बने रहे।

सैकड़ों युवाओं ने की भूख हड़ताल
बताया जा रहा है कि गत दिवस देर शाम तक मांगें पूरी नहीं होने पर जीवन सिंह शेरपुर सहित सैकड़ों युवाओं ने पहले भूख हड़ताल की और विधानसभा घेराव की चेतावनी दी थी, लेकिन बाद में बातचीत के बाद विधानसभा घेराव की योजना को टाल दिया गया। शहर में अब भी करणी सेना परिवार का आंदोलन जारी है। वहीं, इस मामले में सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया लगातार प्रदर्शनकारियों और करणी सेना के लोगों से संपर्क कर रहे हैं।

21 सूत्रीय मांगों को लेकर शक्ति प्रदर्शन जारी
आर्थिक आधार पर आरक्षण, बिना जांच के एट्रोसिटी एक्ट में गिरफ्तारी रोकने सहित कुल 21 सूत्राीय मांगों को लेकर हजारों युवाओं का शक्ति प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन सोमवार को भी जंबूरी मैदान में जारी रहा। इस महाआंदोलन में प्रदेश के कोने-कोने से करणी सेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आए थे। इसके अलावा, राजस्थान, गुजरात, दिल्ली, महाराष्टÑ, उत्तरप्रदेश सहित कई राज्यों के हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए थे।

 

#Karni Sena family

Source : Agency

पाठको की राय