Tuesday, October 20th, 2026

पूर्व मंत्री संजय पाठक बनवा रहे पिता की स्मृति में अस्पताल

कटनी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को कटनी के जिला अस्पताल में बन रही डायलिसिस बिल्डिंग का भूमि पूजन किया। यह बिल्डिंग प्रदेश के पूर्व मंत्री संजय पाठक अपने पिता स्व. सत्येंद्र पाठक की स्मृति में बनवा रहे हैं। इसके लिए पूर्व मंत्री पाठक ने 9 करोड़ रुपए दान दिए हैं। 2800 वर्गफीट में बनने वाले इस भवन निर्माण से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने में आसानी होगी।  भूमि पूजन के बाद जिला अस्पताल परिसर के जर्जर भवन को तोड़ने और फिर जल्द नया भवन बनाने का काम किया जाएगा। पूर्व मंत्री पाठक बरही और विजयराघवगढ़ में भी अस्पताल भवन बनाकर देंगे। मुख्यमंत्री ने कटनी पहुंचने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा और गोपाल भार्गव की मौजूदगी में भूमिपूजन  किया।

प्रदेश का सबसे ऊंचा ब्रिज लोकार्पित
मुख्यमंत्री ने कटनी में 85.49 करोड़ रुपए की लागत से बने सबसे ऊंचे ओवर ब्रिज का लोकार्पण किया। रेलवे लाइन के ऊपर बने ब्रिज की ऊंचाई 18.04 मीटर है। 48 पिलर पर खड़े फ्लाई ओवर की बरगवां से चांडक चौक तक कुल लंबाई 1433.51 मीटर है। भारवाहन क्षमता 70 टन है। इसमें कुल 47 स्पॉन हैं जिसमें 51-51 मीटर के दो ऐसे स्पॉन हैं जिनके एक गर्डर का वजन डेढ़ सौ टन और ऊँचाई तीन मीटर हैं।

विद्युत बिलों में राहत योजना 2022 शुरू
सीएम चौहान ने कटनी में विद्युत बिलों में राहत योजना 2022 की शुरुआत की। योजना में प्रदेश के 88 लाख बिजली उपभोक्ताओं को 6414.32 करोड़ रुपए की राहत राज्य सरकार द्वारा दी जायेगी। पात्र उपभोक्ताओं की आस्थगित संपूर्ण बकाया राशि (मूल एवं अधिभार) माफ की जाएगी। माफ किए गए अधिभार की पूर्ण राशि एवं माफ की गयी मूल राशि का 50 प्रतिशत वितरण कंपनी द्वारा वहन किया जायेगा तथा मूल राशि का शेष 50 प्रतिशत राज्य शासन द्वारा वहन किया जायेगा। इसके एवज में वितरण कंपनियों को सब्सिडी दी जाएगी।

 

#Hospital

Source : Agency

पाठको की राय