Wednesday, October 21st, 2026

पन्ना में भीषण सड़क हादसा, 2 बसें भिड़ी, 30 से ज्यादा लोग घायल

पन्ना
अमानगंज घाटी के पास 2 यात्री बसों की आपस में भिड़ंत हो गई. भिड़ंत में 30 से अधिक लोग घायल हो गए. इनमें से 8 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि, गुरूवार को रक्षाबंधन का त्योहार होने के कारण सवारी भरने का दोनों बसों के कंडक्टरों में कंप्टीशन चल रहा था. यही कम्पटीशन हादसे का सबक बन गया. पहले से ही ओवरलोड बस ओवरटेक करने के चक्कर में दूसरी बस से टकरा गई और हादसा हो गया. घटना पन्ना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है.

8 लोगों की हालत गंभीर
दोनों बसों के ड्राइवर एक दूसरे को ओवरटेक कर रहे थे. बसों की रफ्तार भी तेज थी ज्यादा सवारियां बैठाने के लिए दोनों बस चालकों में पहले आगे निकलने की होड़ लगी हुई थी, तभी ओवरटेक करने के दौरान दोनों बसों में भिड़ंत हो गई. घायलों को पन्ना के जिला अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है. इनमें से 8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. 30 यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं.

जिला अस्पताल में उपचार जारी
जिला प्रशासन के आला अधिकारी मरीजों का हालचाल जानने जिला अस्पताल पहुंचे. पन्ना तहसीलदार ने बताया कि कुछ बच्चे भी घायल हुए हैं. कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हैं. सभी का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है.

पूरी रफ्तार से दौड़ रही थी बस
बस में सवार यात्रियों के मुताबिक बस खचाखच भरी थी. सीटों पर जितने यात्री बैठे थे, उतने ही बस की गैलरी में खड़े थे. बरसात भी हो रही थी. ऐसे में बस पूरी रफ्तार से दौड़ रही थी. ओवरटेक करने के चक्कर में बस टकरा गई. यात्रियों ने कई बार ड्राइवर से रफ्तार धीमी करने को कहा लेकिन सवारी भरने के चक्कर में ड्राइवर, कंडक्टर दोनो ही नहीं सुन रहे थे.

 

#road accident

Source : Agency

पाठको की राय