Sunday, October 25th, 2026

छत्तीसगढ़ के कल से तीन दिन दौरे पर रहेंगे गृह मंत्री अमित शाह, नक्सलवाद पर होगा आखिरी प्रहार

रायपुर.

केंद्र सरकार राज्यों को नक्सली आतंक से मुक्त करने के लिए महत्वपूर्ण रणनीति पर काम कर ही है। इसी के तहत गृह मंत्री अमित शाह 23 अगस्त से छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह नक्सल विरोधी अभियानों पर कई बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। एक अधिकारी ने बताया कि शाह 23 अगस्त को देर शाम रायपुर पहुंचेंगे और 25 अगस्त की शाम को दिल्ली लौट आएंगे।

केंद्रीय मंत्री 24 अगस्त की सुबह रायपुर जिले के चंपारण शहर में महाप्रभु वल्लभाचार्य के आश्रम का दौरा करेंगे। इसके बाद अंतरराज्यीय समन्वय पर छत्तीसगढ़ और पड़ोसी राज्यों के मुख्य सचिवों और पुलिस महानिदेशकों (डीजीपी) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद वह राज्य के वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास पर एक बैठक की अध्यक्षता करेंगे। अगले दिन, शाह रायपुर में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के एक कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद, शाह छत्तीसगढ़ में सहकारी क्षेत्र के विस्तार पर एक बैठक की अध्यक्षता करेंगे।  पिछले साल विधानसभा चुनाव में भाजपा के सत्ता में आने के बाद से छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान तेज हो गए हैं। इस साल अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने 142 नक्सलियों को मार गिराया है। इस बैठक में छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, झारखंड, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल के पुलिस प्रमुखों के शामिल होने की संभावना है।

अमरनाथ यात्रा के सफल संचालन पर शाह ने दी सुरक्षाकर्मियों को बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि श्री अमरनाथ यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस वर्ष 52 दिन चली इस पवित्र यात्रा में रिकॉर्ड 5.12 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए। शाह ने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, मैं इस यात्रा को सफल बनाने के लिए हमारे सभी सुरक्षा कर्मियों, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड, जम्मू-कश्मीर प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाओं को बधाई देता हूं। बाबा सभी पर अपनी कृपा बनाये रखें। जय बाबा बर्फानी!

 

#Chhattisgarh#Amit Shah#Home Minister

Source : Agency

पाठको की राय