Tuesday, October 20th, 2026

शहीद शंकर शाह और रघुनाथ शाह की शहादत को नमन करने गृहमंत्री अमित शाह कल जबलपुर में

जबलपुर
उप चुनाव सिर पर हैं और फिर उसके बाद मिशन 2023. यानि विधानसभा चुनाव. आदिवासी वोट बैंक पर नजर जमाए बैठे राजनीतिक दल फिर सक्रिय हो उठे हैं. कांग्रेस और बीजेपी जबलपुर में  कल 18 सितंबर को बड़ा आयोजन करने जा रही हैं. BJP का ये आयोजन पहली बार इतने बड़े पैमाने पर हो रहा है. जनजाति जननायक अमर शहीद शंकर शाह और रघुनाथ शाह के बलिदान के बहाने बीजेपी अपनी ज़मीन तलाशेगी. इसमें शामिल होने खुद पार्टी के दिग्गज नेता और देश के गृहमंत्री अमित शाह यहां आ रहे हैं.

अमर शहीद शंकर शाह और रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर बीजेपी अब तक का ये सबसे बड़ा आयोजन जबलपुर में करने जा रही है. कार्यक्रम 5 दिन चलेगा जिसका उद्घाटन कल अमित शाह करेंगे.

गृहमंत्री अमित शाह शनिवार 18 सितंबर को सुबह 11.30 बजे गृह जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां से वे सीधे मालगोदाम चौक स्थित अमर शहीद शंकर शाह रघुनाथ शाह के बलिदान स्थल पहुंचेंगे और माल्यार्पण कर अपने दौरे की शुरुआत करेंगे. गृहमंत्री यहां से गैरिसन ग्राउंड जाएंगे जहां आदिवासी जननायकों के नाम पर विशाल आम सभा को संबोधित करेंगे.

गृहमंत्री अमित शाह दोपहर का भोजन सांसद राकेश सिंह के साथ उनके घर पर करेंगे. यहां से वो उज्जवला योजना के कार्यक्रम में चले जाएंगे. वेटरनरी महाविद्यालय परिसर में आयोजित उज्जवला योजना 2.0 के इस कार्यक्रम में अमित शाह के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे. इस कार्यक्रम के बाद गृहमंत्री 4.30 बजे बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में भी शिरकत करेंगे. शाम 6.00 बजे नरसिंह मंदिर पहुंचकर पूजन अर्चन भी करेंगे. गृह मंत्री दिल्ली रवाना होने से पहले शाम करीब 6.30 बजे दयोदय तीर्थ में आचार्य श्री विद्यासागर से मिलेंगे. उसके बाद देर शाम 7.30 बजे विशेष विमान से दिल्ली रवाना हो जाएंगे.

 

#Amit Shah

Source : Agency

पाठको की राय