Tuesday, October 20th, 2026

गृह विभाग: बदलेंगे कई जिलों के एसपी, 4 अफसर जाएंगे डेपुटेशन पर

भोपाल
गृह विभाग जल्द ही आधा दर्जन जिलों के पुलिस अधीक्षकों की पोस्टिंग में बदलाव कर सकता है। राज्य पुलिस सेवा के दस अफसरों को आईपीएस अवार्ड होने के बाद अब उनकी नई जगह पर पोस्टिंग की जाने वाली है। वहीं पुलिस अधीक्षक स्तर के चार अफसरों के प्रतिनियुक्ति पर जाने की कवायद के चलते भी कई जिलों के पुलिस अधीक्षक प्रभावित होंगे।

सोमवार को जारी आदेश में राज्य पुलिस सेवा के दस अफसर आईपीएस अवार्ड हुए हैं। इनमें से कुछ अफसर जिलों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ हैं। जबकि कुछ बटालियन में एसिस्टेंट कमांडेंट के पद पर हैं। अब इन्हें यहां से हटा कर एसपी रैंक के अफसरों वाली जगह पर पदस्थ किया जाएगा। ऐसे में इनमें से कुछ अफसरों को जिलों की कमान दी जा सकती है। माना जा रहा है कि इनमें से दो अफसरों को जिलों में भेजा जा सकता है।

वहीं पुलिस मुख्यालय ने एसपी रैंक के चार अफसरों को प्रतिनियुक्ति पर भेजने के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा है। इसमें एसएसपी रेडियो अमित सिंह के अलावा सीधी एसपी पंकज कुमावत, छिंदवाड़ा एसपी विवेक अग्रवाल और नरसिंहपुर एसपी विपुल श्रीवास्तव का नाम हैं। पंकज कुमावत के आदेश जल्द ही जारी होने की संभावना है। वहीं यदि बाकी के इन अफसरों के भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति मिलती है तो तीन जिलों में नए एसपी पोस्ट करना होंगे। इसके अलावा कुछ पुलिस अधीक्षकों के भी जिले बदले जा सकते हैं।

 

#Home Department

Source : Agency

पाठको की राय