जन्मदिन का केक काट रही थीं हॉलीवुड एक्ट्रेस निकोल रिची, तभी बालों में लग गई आग
हर किसी के लिए उसका जन्मदिन बेहद खास होता है। इस मौके पर लोग अपने दोस्तों व परिवार के लोगों के साथ सेलिब्रेट करते हैं और केक काटते हैं। लेकिन सोचिए कि आप केक काट रहे हों और कभी केक पर लगी मोमबत्तियों से आपके बालों में आग लग जाए तो क्या होगा। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं कि क्योंकि हॉलीवुड एक्ट्रेस व टीवी पर्सनैलिटी निकोल रिची के साथ कुछ ऐसा हुआ है। हाल ही में उन्होंने अपना 40वां बर्थडे सेलिब्रेट किया। जिसे उन्होंने धूमधाम से मनाया। लेकिन सेलिब्रेशन के दौरान वह हादसे का शिकार हो गईं और खुशियां चीख पुकार में बदल गईं। दरअसल निकोल अपने बर्थडे केक में लगीं कैंडल्स को बुझा रही थीं। उनके बाल खुले हुए थे। ऐसे में जब वह कैंडल्स को बुझाने के लिए झुकीं तो उनके बालों ने आगे पकड़ ली। पहले एक तरफ बालों में आग लगी फिर दूसरी तरफ के। निकोल जोर-जोर से चीखने लगीं। उनके दोस्तों ने आग बुझाने की कोशिश की। इस वीडियो को खुद निकोल रिची ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, अभी तक 40वां साल फायर जा रहा है। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। उनके दोस्तों ने भी इस पर कमेंट किया है। निकोल के पति ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, यह तो हॉट है। हॉलीवुड सिंगर कैटी पैरी लिखती हैं, हे भगवान। गनीमत ये रही कि हादसे में निकोल रिची को कुछ नहीं हुआ और वह पूरी तरह से सुरक्षित हैं। बता दें कि निकोल रिची को टीवी सीरीज ‘द सिंपल लाइफ’ से काफी पॉपुलैरिटी मिली थी। यह रिएलटी शो 2003 से 2007 तक चला था। इसके बाद वह कई शोज में नजर आईं। उन्होंने दो किताबें भी लिखी हैं। उनकी शादी 2010 में सिंगर जोएल मेडन से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे हैं।

पाठको की राय