Sunday, October 25th, 2026

हिमाचल प्रदेश : कोरोना बंदिशों सहित सरकारी नौकरियों पर होगा फैसला, ये रहेंगे कैबिनेट के मुख्‍य मुद्दे

शिमला
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की महत्‍वपूर्ण बैठक 14 जुलाई को होना प्रस्‍तावित है। मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्‍यक्षता में होने वाली बैठक में कई अहम निर्णयों पर मोहर लगेगी। हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद बंदिशों पर फैसला लिया जा सकता है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के एक्टिव केस 1100 से ज्‍यादा हो गए हैं। ऐसे में सरकार मास्‍क पहनना अनिवार्य कर सकती है। इसके अलावा कुछ और सख्‍ती भी कर सकती है, ताकि कोरोना संक्रमण थम सके। वहीं, स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सकों की भर्ती का निर्णय 14 जुलाई को होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में होगा। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से इन्हें भरने में तीन माह लगेंगे। यदि वाक इन इंटरव्यू से भरना है तो बैठक में इसके प्रविधान पर विचार होगा। इस प्रस्ताव पर स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव ने अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ शुक्रवार को चर्चा की है। अब इस प्रस्ताव को मंत्रिमंडल के लिए भेजा जा रहा है। 14 जुलाई को होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में ही स्थिति का आकलन कर निर्णय लिया जाएगा। चिकित्सकों के 144 पदों को भरा जाना है। इसके अलावा मुख्यमंत्री की बजट घोषणा में बचे 356 पदों की स्वीकृति पर भी चर्चा होगी। यदि इन्हें स्वीकृति मिलती है तो कुल पद 500 हो जाएंगे।

हिमाचल मंत्रिमंडल की बैठक में विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को लेकर सरकार स्वीकृति दे सकती है। सत्र अगस्त माह के पहले सप्ताह हो सकता है। इस दौरान छह बैठकें हो सकती हैं। 13वीं विधानसभा में आगामी सत्र अंतिम सत्र होगा। विस चुनाव इसी वर्ष होने हैं और उसके बाद धर्मशाला में शीतकालीन सत्र के दौरान 14वीं विधानसभा में नवनिर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। मंत्रिमंडलीय बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा की जा रही घोषणाओं को स्वीकृति भी दी जाएगी।

 

#Himachal Pradesh

Source : Agency

पाठको की राय