Saturday, October 24th, 2026

क्लास में हिजाब की मांग पड़ी भारी, कर्नाटक में 23 छात्राएं स्कूल से निलंबित; किया था प्रदर्शन

मंगलुरू
कर्नाटक में हिजाब को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में एक कॉलेज ने अपने यहां पढ़ने वाली 23 छात्राओं को निलंबित कर दिया है। यह फैसला कर्नाटक के उप्पीनांगड़ी गवर्नमेंट फर्स्ट ग्रेड कॉलेज ने लिया है। कॉलेज मैनेजमेंट के मुताबिक इन छात्राओं ने पिछले हफ्ते क्लास के अंदर हिजाब पहनने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। इसके चलते ही इन्हें निलंबित करने का फैसला लिया गया है।

हिजाब पहनकर पहुंची थीं कॉलेज
पुत्तूर से भाजपा विधायक और कॉलेज विकास समिति के अध्यक्ष संजीव मतंदूर ने मंगलवार को कहा कि छात्राओं ने प्रदर्शन किया। इसलिए उन्हें सोमवार को निलंबित कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, पिछले हफ्ते दक्षिण कन्नड़ जिले के पुत्तूर तालुक स्थित कॉलेज में छात्राएं हिजाब पहनकर आई थीं। उन्होंने कक्षा में हिजाब पहनने की अनुमति देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। सीडीसी ने सोमवार को हुई बैठक में इन छात्राओं को निलंबित करने का फैसला किया।

पहले भी सात छात्राएं हो चुकी हैं निलंबित
इससे पहले समिति ने सात छात्राओं को हिजाब के साथ कॉलेज आने पर निलंबित कर दिया था। गौरतलब है कि कर्नाटक उच्च न्यायालय ने इस साल मार्च में फैसला दिया था। इस फैसले में कहा गया है कि हिजाब इस्लाम का अनिवार्य धार्मिक हिस्सा नहीं है। बावजूद इसके ये छात्राएं कक्षा में हिजाब पहनने की अनुमति देने पर जोर दे रही हैं। बता दें कि पिछले काफी समय से कर्नाटक में हिजाब को लेकर विवाद चल रहा है। इसको लेकर जगह-जगह पर प्रदर्शन भी हो चुके हैं।

 

 

#Hijab demanded

Source : Agency

पाठको की राय