Friday, October 23rd, 2026

पटना एयरपोर्ट में एक दिन में सर्वाधिक 16,615 यात्रियों की हुई आवाजाही

पटना 
कोरोना के दंश से उबरने के बाद हवाई सेवाओं में बेहतरी आने लगी है। त्योहारी मौसम में पटना एयरपोर्ट पर भी हर दिन यात्रियों की आवाजाही बढ़ी है। इस बार छठ में यात्रियों की आवाजाही की संख्या अबतक के उच्चतम शिखर पर पहुंच गई है। एयरपोर्ट निदेशक भूपेश नेगी ने बताया कि रविवार को लोकनायक  जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पटना पर एक दिन में यात्रियों की आवाजाही का नया रिकॉर्ड बना है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर यह जानकारी दी है।  एएआई के अनुसार रविवार को पटना एयरपोर्ट पर सबसे अधिक 16,615 यात्रियों का आना-जाना हुआ। जबकि इससे पहले  24 नवंबर 2019 को सबसे अधिक  16,240 यात्रियों की आवाजाही का रिकॉर्ड था।  पटना एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारी बताते हैं कि पिछले डेढ़ दो सालों में कोरोना संक्रमण का संकट आने के यात्रियों की संख्या में काफी कमी आ गई थी। इस दौरान विमानों की संख्या भी घटा दी गई थी।  पिछले दो महीनों में संक्रमण में कमी आने के बाद हवाई सेवाओं में सुधार आया और पटना एयरपोर्ट पर प्रतिदिन 60 से 70 विमानों की आवाजाही शुरू की गई। फिलहाल एक दिन में पटना से 108 विमानों की आवाजाही हो रही है।
 

 

#Highest number

Source : Agency

पाठको की राय