Saturday, October 24th, 2026

उच्च शिक्षा विभाग : MP में पुलिसकर्मियों के बच्चों को देंगे उत्तीर्ण सत्र का शिक्षण शुल्क

भोपाल
पुलिसकर्मियों के बच्चों को मिलने वाली ट्यूशन फीस को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। अब उसी सत्र की फीस मिलेगी, जिसमें बच्चों ने कक्षा या सेमेस्टर परीक्षा उत्तीर्ण की हो। अभी तक चालू शिक्षा सत्र के लिए यह राशि दी जाती थी। पुलिस मुख्यालय की कल्याण शाखा ने इस आशय के निर्देश प्रदेश की सभी पुलिस इकाइयों को जारी कर दिए हैं। इसमें स्पष्ट किया गया है कि 31 अक्टूबर से 31 जनवरी 2021 तक ट्यूशन फीस के लिए भेजे जाने वाले प्रस्ताव में परीक्षा परिणाम पिछले वर्ष का रहता है, जबकि फीस उसी वर्ष के जून-जुलाई में जमा हो जाती है। अब पिछले वर्ष के परीक्षा परिणाम के आधार पर पिछले वर्ष की ट्यूशन फीस की मांग की जाए।

उच्च शिक्षा के लिए पुलिसकर्मियों के बच्चों को सरकारी कालेजों में निर्धारित फीस का भुगतान किया जाएगा। इसका आशय यह है कि कोई विद्यार्थी निजी कालेज में अध्ययनरत है और उस पाठ्यक्रम की फीस अधिक है तो उसके लिए उतना भुगतान किया जाएगा, जितना उस पाठ्यक्रम के लिए फीस सरकारी विश्वविद्यालय में निर्धारित होगी। अधिकतम 75 हजार रुपये दिए जा सकेंगे। ट्यूशन फीस लेने के लिए विगत वर्ष से उप पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को भी शामिल किया गया है।

पिछले शैक्षणिक वर्ष के प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम के आधार पर जुलाई 2021 के पहले सेमेस्टर की ट्यूशन फीस का प्रस्ताव भेजा जाएगा। इस शैक्षणिक वर्ष के द्वितीय सेमेस्टर की फीस (जो दिसंबर 2021 अथवा जनवरी 2022 को जमा होगी) इकाई के प्रस्ताव में शामिल नहीं होगी। यानी सेमेस्टर सिस्टम में एक ही सेमेस्टर की फीस का प्रस्ताव भेजा जाएगा।

 

#Higher Education Department

Source : Agency

पाठको की राय