उच्च शिक्षा विभाग: 40 लाख वैक्सीन डोज का हिसाब तलब
भोपाल
उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेशभर के कॉलेज और विश्वविद्यालयों में कार्यरत प्रोफेसर और अधिकारियों के साथ विद्यार्थियों से वैक्सीनेशन का पूरा हिसाब तलब किया है। प्रदेश में करीब बीस लाख विद्यार्थी प्रवेशरत हैं। जबकि प्रदेशभर में करीब दस हजार शैक्षणिक और गैर शैक्षणिक स्टाफ कार्यरत हैं। सभी को स्वयं के साथ अपने परिवारिक सदस्यों तक की प्रथम और दूसरे डोज की पूर्ण जानकारी विभाग को देना है। इसके लिए विभाग द्वारा एक फॉर्मेट तक जारी किया गया है।
विभाग के दायरे में करीब बीस लाख विद्यार्थी के साथ दस हजार प्रोफेसर अधिकारी कर्मचारी आते हैं। उनके अलावा उनके परिवार के सदस्यों ने वैक्सीनेशन के दोनों डोज लिए हैं। इसकी पूरी जानकारी तिथि के साथ विभाग को देना है। इससे विभाग को सीधे चालीस लाख डोज का पूरा हिसाब-किताब एक साथ मिल जाएगा। जानकारी देने के लिए विभाग ने एक पूरा फॉर्मेट तक जारी किया है। इसमें प्रोफेसर और कर्मचारियों को वैक्सीन पात्र और अपात्र सदस्यों संख्या तक देना है।
प्रोफेसरों का कहना है कि उन्होंने वैक्सीनेशन कराया है। इसकी जानकारी वे विभाग को भेजने को तैयार हैं। वे अपने परिवार की जानकारी विभाग को देना नहीं चाहते हैं। उन्हें अपने परिवार का डाटा साझा करने में आपत्ति है।
विभाग ने हरेक विद्यार्थी एसआईएस लॉगिन तैयार कराया है। इसमें विद्यार्थियों को अपनी जानकारी देना है। संबंधित क्षेत्र के विद्यार्थियों की जानकारी एकत्रित कर संभाग के अतिरिक्त संचालक विभाग को भेजी जाएगी। विभाग ने 18 साल से कम आयु के विद्यार्थियों को डोज आवश्यकता नहीं माना है। इसलिए ऐसे विद्यार्थियों को डाटा देने आजादी दी गई है। वे बिना वैक्सीनेशन के कालेज में आकर नियमित अध्ययन तक कर सकते हैं।

पाठको की राय