Wednesday, October 21st, 2026

मछली नदी में बनेगा उच्च स्तरीय पुल व पहुंच मार्ग



रायपुर। सीतापुर विधायक व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत के प्रयासों से सीतापुर क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो रही है। सरगुजा जिले में बिसरपानी-सुपलगा मार्ग पर मछली नदी में उच्च स्तरीय पुल व पहुँच मार्ग के निर्माण हेतु प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। इस संबंध में लोकनिर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू ने खाद्य मंत्री अमरजीत भगत को एक औपचारिक पत्र लिखा है।

लोकनिर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू ने पत्र में सीतापुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक व  खाद्य नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत भगत को अवगत कराते हुए लिखा कि विधानसभा क्षेत्र सीतापुर में वर्ष 2021-22 के बजट में शामिल जिला सरगुजा के बिसरपानी-सुपलगा मार्ग पर 645.29 लाख रूपए की लागत वाले मछली नदी पर उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

इस प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि सीतापुर क्षेत्रवासियों की लंबे समय से लंबित मांग पूरी हुई है। क्षेत्रवासी वर्षों से यहाँ उच्चस्तरीय पुल एवं पहुँच मार्ग की मांग कर रहे थे। कांग्रेस सरकार के आने के बाद इनकी मांग पूरी हुई है। उन्होंने इस निर्माण के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और लोकनिर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू के प्रति आभार व्यक्त किया है।

 

Source : Agency

पाठको की राय