Friday, October 23rd, 2026

सीजी टीका पोर्टल पर टीकाकरण पंजीयन के लिए ग्राम व जनपद पंचायतों में हेल्पडेस्क शुरू


कोरिया। कोरिया जिले में कलेक्टर श्री एसएन राठौर के मार्गदर्शन में कोविड-19 टीकाकरण पंजीयन के लिए ग्राम पंचायत एवं जनपद मुख्यालयों में पंचायत कार्यालय एवं जनपद कार्यालय में हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। मुख्य कायार्पालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कुणाल दुदावत ने बताया कि राज्य शासन द्वारा 18 से 44 आयु वर्ग के सभी लोगों के लिए आॅनलाइन रजिस्ट्रेशन के जरिए सुविधाजनक तरीके से टीका लगवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सीजी टीका वेब पोर्टल का शुभारंभ किया गया है। इसी क्रम में जिले के सभी ग्राम पंचायत एवं जनपद मुख्यालयों में ग्राम पंचायत कार्यालय एवं जनपद कार्यालय में पंजीयन के लिए हेल्प डेस्क की शुरूआत हो गई है। जिन लोगों के पास मोबाइल अथवा नेट कनेक्टिविटी की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वे पंजीयन के लिए इन हेल्प डेस्क की मदद ले सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए राज्य के 18 से 44 आयु के लोगों के लिए आॅनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सीजी टीका वेब पोर्टल का शुभारंभ किया गया है। आॅनलाईन पंजीयन के साथ-साथ इसमें यह सुविधा भी उपलब्ध है कि बिना मोबाइलधारी व्यक्ति भी जिला प्रशासन द्वारा स्थापित हेल्प डेस्क के सहयोग से अपना पंजीयन इस वेब पोर्टल में कराकर टीका लगवा सकता है। इस पोर्टल को यहां के लोगों की सामाजिक और भौगोलिक परिस्थिति को ध्यान में तैयार किया गया है, ताकि लोगों को टीकाकरण के लिए किसी भी तरह की परेशानी न हो। छत्तीसगढ़ सरकार की इस अभिनव पहल से लोगों को अब कोरोना का टीका लगवाने के लिए न तो लम्बी लाइनें लगानी पड़ेगी, न ही समय गंवाना पड़ेगा।
 

 

Source : Agency

पाठको की राय