Saturday, October 24th, 2026

भोपाल -इंदौर में तेज बारिश, सड़कों पर भरा पानी, 4 मई तक ऐसा ही रहेगा मौसम का मिजाज

 भोपाल.

मध्यप्रदेश में बादलों ने डेरा डाल रखा है। इसके चलते प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला सा है। बारिश-आंधी के साथ ओले भी गिर रहे हैं। 4 मई तक मौसम ऐसा ही रहेगा। इंदौर में सुबह 7 बजे से तो भोपाल में साढ़े ग्यारह बजे से गरज-चमक के साथ बारिश हुई। इसके साथ ही गुना और राजगढ़ में भी रुक-रुककर बारिश हो रही है।

रविवार को प्रदेश में अन्य इलाकों में भी कहीं बारिश होगी तो कहीं 40 से 50 Km प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है। नर्मदापुरम संभाग समेत 19 जिलों में ओले भी गिर सकते हैं। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी है। इसे लेकर मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने की वजह से प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी है। अगले कुछ दिन तक मौसम इसी तरह बना रहेगा।

10 साल में सबसे कम तपा अप्रैल, एक माह बाद पारा 310 पर

अप्रैल में इस बार तापमान में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। महीने की शुरुआत में पारा 31 डिग्री सेल्सियस पर था और महीना खत्म होते-होते शनिवार को लुढ़ककर फिर 31 डिग्री पर लौट आया। माह की शुरुआत में तापमान में कमी दिखाई दी, लेकिन 11 से 20 अप्रैल तक तापमान बढ़ा और पारा 37-38 डिग्री पहुंचा। उसके बाद फिर गिरावट का दौर शुरू हुआ। विगत 10 साल में पहली बार ऐसा मौका है, जब अप्रैल में पारा 40 डिग्री तक नहीं पहुंच पाया। अप्रैल में अधिकतम तापमान 17 अप्रैल को 39.6 डिग्री दर्ज किया गया।

आज इन जिलों में बारिश, आंधी-ओले के आसार

    भोपाल, ग्वालियर, चंबल, रीवा और नर्मदापुरम संभाग के अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होगी। जबलपुर, शहडोल, इंदौर और उज्जैन में भी मौसम का मिजाज बदला सा रहेगा।

    नर्मदापुरम संभाग के नर्मदापुरम, हरदा और बैतूल के साथ श्योपुरकलां, मुरैना, गुना, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, खरगोन, रतलाम, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, नरसिंहपुर और बालाघाट में गरज-चमक के साथ 40 से 50Km प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। यहां हल्के ओले गिरने का अनुमान भी है।

    बाकी जिलों में भी ओले गिरने और तेज आंधी चलने के आसार है। यहां आकाशीय बिजली गिरने और चमकने की भी संभावना बनी हुई है।

29 जिलों में बारिश, 8 में ओले

प्रदेश में बीते 24 घंटे में 29 जिलों में बारिश हुई, 8 जिलों में ओले गिरे। खरगोन में 2 इंच, नर्मदापुरम में एक इंच पानी बरसा। बिजली गिरने से 5 की मौत हो गई।

25 जिलों में बारिश का यलो और ऑरेंज अलर्ट

मौसम केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन-चार दिन भोपाल समेत प्रदेश भर में बारिश के आसार हैं। 25 जिलों के लिए बारिश का यलो और कुछ हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट है।

2020 में भी ऐसा हुआ था

मालूम हो, 2020 में भी अप्रैल में पारा 40 डिग्री को नहीं छू पाया था और अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री था। इस वर्ष पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती घेरों व द्रोणिका के असर से अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से नमी मिलती रही। इससे अप्रैल में ज्यादा दिन बादल छाए रहे।

 

#भोपाल -इंदौर में तेज बारिश

Source : Agency

पाठको की राय