Saturday, October 24th, 2026

प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में भारी बारिश के आसार,दतिया, भिंड, मुरैना में ऑरेंज अलर्ट

 भोपाल
 बीते दो-तीन दिन से प्रदेश में रुक-रुककर झमाझम बारिश का दौर जारी है। मानसून की सक्रियता बरकरार है। प्रदेश के अधिकांश इलाके बारिश से तरबतर हैं। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश का यह सिलसिला अगले 2-3 दिन तक इसी तरह जारी रह सकता है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश के 25 जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक मंडला में बारिश हुई। यहां 24 घंटे में 110 मिमी पानी गिरा यानी करीब सवा 4 इंच बारिश दर्ज की गई। इसी प्रकार भोपाल, रतलाम, सीधी, उमरिया और जबलपुर जैसे जिलों में भी 2 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। होशंगाबाद, नरसिंहपुर, खंडवा और सतना में एक से डेढ़ इंच तक बारिश हुई। रायसेन, उज्जैन, इंदौर, शाजापुर, रीवा, टीकमगढ़, दमोह, सागर, गुना, श्योपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, ग्वालियर, खरगोन और बैतूल में भी बारिश दर्ज की गई।


मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों में दतिया, भिंड एवं मुरैना जिलों में अत्‍यधिक बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, अनूपपुर, शहडोल, डिंडौरी,

बालाघाट, सागर, छतरपुर, पन्ना, दमोह, टीकमगढ, निवाडी, शिवपुरी, अशोकनगर, ग्वालियर, श्‍योपुरकलां, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ, होशंगाबाद, बैतूल, खरगौन, शाजापुर, आगर व मंदसौर जैसे जिलों में भी भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने सागर, रीवा, जबलपुर, शहडोल, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, होशंगाबाद, ग्वालियर एवं चंबल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है।

दरअसल, उत्तरी मध्यप्रदेश जैसे सागर, टीकमगढ़, अशोक नगर में भी एक कम दबाब का क्षेत्र बन रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ा सिस्टम वर्तमान में उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे लगे मध्यप्रदेश पर अवदाब के रूप में सक्रिय है। गुजरात पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात मौजूद है। मानसून ट्रफ नलिया, गुजरात, इंदौर, होशंगाबाद से छत्तीसगढ़, ओडीशा से होकर बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है। एक अन्य ट्रफ भी मानसून ट्रफ के सामानांतर अरब सागर से बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इन चार वेदर सिस्टम के सक्रिय रहने से बुधवार को पूरे मप्र में बौछारें पड़ना शुरू हो गई है। अगले दो-तीन दिन भी जमकर बारिश होने की संभावना है।


 

 

#भारी बारिश

Source : Agency

पाठको की राय