Saturday, October 24th, 2026

कई हिस्‍सों में लू चलने की चेतावनी; दिल्‍ली में जारी हुआ यलो अलर्ट

नई दिल्‍ली
देश के कई हिस्‍सों में झुलसा देने वाली गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक 4 से 5 जून को राजस्थान, जम्मू डिवीजन, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दक्षिण पंजाब और दक्षिण हरियाणा के साथ साथ राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर हीटवेव का प्रकोप देखा जा सकता है। यही नहीं 4 से 6 जून के दौरान विदर्भ, झारखंड, आंतरिक ओडिशा और छत्तीसगढ़ में जबकि 04 से 08 जून के दौरान दक्षिण यूपी और उत्तरी मध्‍य प्रदेश में भी लू का प्रकोप नजर आ सकता है।

वहीं मौसम विभाग (India Meteorological Department, IMD) की ओर से जारी बयान के मुताबिक 07 जून से दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है। अगले पांच दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में मूसलाधार बारिश हो सकती है। यही नहीं अगले दो से तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अलग-अलग हिस्सों में हीट वेव की स्थिति रहेगी।

रिपोर्ट के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्‍ली में अधिकतम तापमान के 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। मौसम विभाग ने दिल्‍ली के कुछ इलाकों में लू चलने की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। स्काईमेट वेदर मौसम विज्ञानी महेश पलावत का कहना है कि दक्षिण उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर के मुख्‍तलिफ इलाकों लू चलने के आसार हैं।

वहीं मौसम का पूर्वानुमान जारी करने वाली निजी एजेंसी स्‍काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक अगले 24 घंटे में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग अलग स्‍थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और भारी बारिश देखी जा सकती है। यही नहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के एक दो जगहों पर हल्की से मध्यम या भारी बारिश संभव है। वहीं दक्षिण कोंकण, गोवा और तटीय आंध्र प्रदेश में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।  

 

 

#Heat wave

Source : Agency

पाठको की राय