Tuesday, October 20th, 2026

दिल दहला देने वाला मामला, मजदूरी मांगने पर मजदूर का काट दिया हाथ

रीवा
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में मजदूरी मांगना एक मिस्त्री को महंगा पड़ गया. मालिक ने तलवार से उसका हाथ काट दिया. घायल की अवस्था देखने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया. उसका हाथ भी तलाशकर अस्पताल भेजा गया है. उसे जोड़ने की कोशिश की जा रही है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है. मामला जिले के सिरमौर थाना इलाके के पडरी गांव का है. एसपी नवनीत भसीन ने इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया है.

सिरमौर थाना पुलिस के मुताबिक, करीब सवा दो बजे इस हादसे की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें गठित की गईं. एक टीम पीड़ित को लेकर रीवा के संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंची, जबकि दूसरी टीम को पडरी गांव भेजा गया. जानकारी के मुताबिक, 45 साल का मिस्त्री अशोक साकेत उर्फ पप्पू मकान मालिक गणेश मिश्रा से मजदूरी के रुपये मांगने उसके घर गया. गणेश का नया घर खेत में ही बना है.

रुपये की बात सुनते ही गणेश आपा खो बैटा. वह घर के अंदर गया और तलवार लाया. जब तक पीड़ित कुछ समझ पाता उसने उस पर तलवार से वार कर दिया. इस हमले में अशोक का हाथ कट कर अलग हो गया. पुलिस ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी गणेश मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया. उसे पकड़ने का जिम्मा सिरमौर SDOP पीएस परस्ते को दिया गया. परस्ते ने सिरमौर, सेमरिया और सगरा थानों के पुलिस बल से टीमें बनाईं. इसके अलावा साइबर सेल भी एक्टिव हो गई और रिश्तेदारों पर जबरदस्त दबाव बना दिया. इसके बाद आरोपी को पकड़ लिया गया.

 

#मजदूरी मांगने

Source : Agency

पाठको की राय