Sunday, October 25th, 2026

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से किया स्वास्थ्य संवाद

भोपाल

लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने सोमवार को छिन्दवाड़ा और कटनी जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से वीडियो कॉल कर स्वास्थ्य संवाद किया। उन्होंने मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के दृष्टिगत स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी प्रति सप्ताह सोमवार के दिन 2 जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से वीडियो कॉल कर स्वास्थ्य संवाद करते हैं।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने छिन्दवाड़ा जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीज नीरज गोहिया, श्रीमती कलावती बाई, श्रीमती शिखा दीक्षित और श्रीमती अंजू वंदेवाल से वीडियो कॉल पर चर्चा की। अस्थि रोग वार्ड में भर्ती नीरज गोहिया और कलावती बाई ने बताया कि पैर में फ्रेक्चर होने के कारण अस्पताल आना पड़ा। अस्पताल में मिले उपचार से अब काफी आराम है। श्रीमती शिखा दीक्षित और श्रीमती अंजू वंदेवाल ने बताया कि उन्हें प्रसव के लिये भर्ती कराया गया था। अब वह पूरी तरह ठीक हैं। श्रीमती दीक्षित ने बताया कि उनके परिवार के पास संबल कार्ड है और उन्हें संस्थागत प्रसव पर 16 हजार रूपये की राशि मिलेगी। मरीजों ने बताया कि उन्हें अस्पताल में किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है, नि:शुल्क उपचार मिल रहा है।

कटनी जिला चिकित्सालय के गॉयनिक वार्ड में भर्ती श्रीमती द्रोपदी रजक, श्रीमती शशि सेन, श्रीमती दुर्गा बर्मन ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी को बताया कि उन्हें असपताल से दवाइयाँ नि:शुल्क मिल रही हैं। चिकित्सकों और अन्य स्टॉफ का व्यवहार बहुत अच्छा है। बिस्तर की चादर रोजाना बदली जाती है। अस्पताल से दोनों टाइम भोजन और नाश्ता मिलता है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने मरीजों से चर्चा के बाद छिन्दवाड़ा और कटनी जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन और आरएमओ से अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की।

 

 

#स्वास्थ्य संवाद

Source : Agency

पाठको की राय