Thursday, October 22nd, 2026

नस्लवाद के आरोपों से मुक्त हुए हेड कोच बाउचर

  जोहानिसबर्ग

साउथ अफ्रीकी टीम के हेड कोच मार्क बाउचर को बड़ी राहत मिली है. दरअसल, क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने बाउचर पर लगे नस्लवाद के आरोपों को वापस ले लिया है. साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर पॉल एडम्स ने बाउचर पर टीम मीटिंग के दौरान और मैचों के बाद अपमानजनक भाषा वाले गीत गाने का आरोप लगाया था.

एडम्स ने अपने हाथ वापस खींचे

सीएसए ने कहा कि पॉल एडम्स और साउथ अफ्रीका के पूर्व सहायक कोच एनोच एंकवे ने अगले सप्ताह निर्धारित सुनवाई में पेश नहीं होने का फैसला किया, जिसके बाद बाउचर के खिलाफ सारे आरोप बेबुनियाद लगते हैं. बाउचर ने  भी एक बयान में कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए नस्लवाद के आरोप अनुचित हैं और इससे वो काफी आहत हुए.

बाउचर ने एडम्स से मांगी माफी

सीएसए ने बयान में कहा, 'एडम्स ने हाल ही में घोषणा की कि उन्होंने अनुशासनात्मक सुनवाई के दौरान बाउचर के खिलाफ गवाही देने से अपना नाम वापस ले लिया है. एडम्स ने कहा कि सामाजिक न्याय और राष्ट्र-निर्माण (SJN) प्रक्रिया के दौरान व्यक्त की गई उनकी चिंताएं किसी विशेष खिलाड़ी के बारे में होने के बजाय 2000 के दशक की शुरुआत में प्रोटियाज टीम में विकसित कल्चर को लेकर थी. एसजेएन प्रक्रिया के दौरान बाउचर ने औपचारिक रूप से एडम्स से माफी मांगी.

SA को नई बुलंदियों पर ले जाना है: बाउचर

बाउचर ने कहा, 'पिछले कुछ महीने मेरे और मेरे परिवार के लिए काफी कठिन रहे. मुझे खुशी है कि यह अब खत्म होने रहा है. सीएसए ने स्वीकार किया है कि मेरे खिलाफ लगे आरोप बेबुनियाद हैं. मैं समझता हूं कि मामला अब खत्म हो गया है और इस मामले में मैं और कोई बयान नहीं देना चाहता. मैं अपने काम पर फोकस कर रहा हूं और मुझे साउथ अफ्रीकी टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है.'

बाउचर को जनवरी में क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने सात पन्ने का आरोप पत्र दिया था. इस पत्र में उन पर नस्लवादी बर्ताव के चलते खेल की साख पर बट्टा लगाने का भी आरोप लगाया गया था.

 

#मार्क बाउचर

Source : Agency

पाठको की राय