Saturday, October 24th, 2026

जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ में हाथरस का जवान हुआ शहीद, 4 साल पहले हुई थी शादी

जम्मू-कश्मीर
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों से मुठभेड़ में हाथरस का जवान सुभाष चंद्र शहीद हो गया। सुभाष 7 जाट रेजीमेंट में तैनात था। जवान की शहादत की खबर आज जिला प्रशासन को मिली तो प्रशासन की एक टीम ने गांव पहुंचकर शाहिद के परिजनों शहादत की जानकारी दी। परिजनों में मातम छा गया। शहीद जवान का पार्थिव शरीर कल गांव आने की उम्मीद है। शहीद के परिवार में माता-पिता के अलावा पत्नी और एक बच्ची है।

आपको बता दें कि सहपऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला मनी निवासी सुभाष चंद्र(28) पुत्र मथुरा प्रसाद वर्ष 2016 में सेना में भर्ती हुआ था। इस समय सुभाष जम्मू के राजौरी में 7 जाट रेजीमेंट में तैनात था। सेना के मुताबिक, रजौरी में आतंकियों से बीती रात करीब ढाई बजे हुई मुठभेड़ में सुभाष शहीद हो गया। इसकी जानकारी आज स्थानीय जिला प्रशासन को हुई तो प्रशासन ने शहीद के गांव पहुंचकर इसकी सूचना परिजनों को दे दी।

बताया जा रहा है कि सुभाष की दादी का 30 मई को निधन हो गया था और वह एक महीने की छुट्टी बिताकर करीब 15 दिन पहले ही राजौरी गया था। परिवार में सुभाष चंद्र तीन भाई थे और कुछ साल पहले उसके एक भाई की मौत हो गई थी। हालांकि अभी परिवार की महिलाओं को उसकी शहादत की जानकारी नहीं दी गई है। गांव के लोगों के अनुसार, करीब 4 साल पहले सुभाष की शादी हुई थी। माना जा रहा है कि उसका पार्थिव शरीर कल गांव आएगा। सैन्य सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार होगा। उसके परिवार के लोगों का कहना है कि उन्हें सुभाष की शहादत पर गर्व है।

 

 

#Hathras soldier martyred in encounter

Source : Agency

पाठको की राय