हरियाणा खेलो इंडिया के लिए तैयार, सीएम मनोहर लाल बोले- ओमिक्रोन पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता
चंडीगढ़
''कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रान को लेकर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। यह स्थिति और समय पर निर्भर करेगा, बावजूद इसके हम पंचकूला के ताऊ देवी स्टेडियम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स आय़ोजन को लेकर पूरी तरह से तैयार हैं।'' यह बात हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने कही। वह शनिवार को तैयारियों का जायजा लेने के लिए पहुंचे थे। उनके साथ खेल मंत्री संदीप सिंह और खेल निदेशक पंकज नैन भी मौजूद थे। मनोहर लाल ने हरियाणा को खेलो इंडिया की मेजबानी देने के लिए खेल मंत्रालय का आभार जताया। कहा कि खेलो इंडिया का आयोजन 5 से 14 फरवरी को पंचकूला में होगा। इस महामुकाबले में 25 खेलों में 10 हजार के करीब खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खेलो इंडिया का प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स पर होगा। इस बड़े आयोजन पर कुल 250 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें 100 करोड़ रुपये खेल आयोजन पर और 150 करोड़ रुपये खिलाड़ियों की व्यवस्था व अन्य कामों पर खर्च होंगे। इस खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का फायदा पूरे रीजन को होगा। उन्होंने बताया कि दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए एक कार्नर सभी स्टेडियम में बने यह सरकार ने फैसला लिया है। इसके अलावा फरीदाबाद में भी पैरा स्टेडियम बनाने की राज्य सरकार ने घोषणा की है।
मनोहर लाल ने बताया कि ज्यादातर खेलों का आयोजन पंचकूला में ही होगा। शूटिंग के मुकाबले डा. करनी सिंह स्टेडियम दिल्ली में होंगे। इसके अलावा साइकिलिंग के मुकाबले भी दिल्ली में आयोजित होंगे। आर्चरी और फुटबाल के कुछ मुकाबले पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में आयोजित होंगे। जिमनास्टिक और स्विमिंग के मुकाबले अंबाला में आयोजित होंगे। हाकी के लीग मैच शाहाबाद में और फाइनल मुकाबला पंचकूला में आयोजित होगा। मनोहर लाल ने बताया कि हरियाणा की स्पोर्ट्स नीति आज देश दुनिया में चर्चा का विषय बनी हुई है। उन्होंने बताया कि हाल ही में गुजरात खेल विभाग के अधिकारियों ने 15 दिन हरियाणा में रहकर सरकार की तरफ से शुरू की गई अलग-अलग योजनाओं का जायजा लिया। इससे पहले बिहार की टीम प्रदेश की स्पोर्ट्स पॉलिसी का अध्ययन करने के लिए आई हुई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 के मुकाबले में आज हरियाणा का खेल बजट दौगुणा हो गया है, वर्ष 2021-22 के लिए हरियाणा सरकार की तरफ से 394 करोड़ रुपये का खेल बजट रखा गया है।

पाठको की राय