Monday, October 19th, 2026

सड़क हादसे में बाल-बाल बचे हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज

हरियाणा
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज (Anil Vij) शनिवार को कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। यह बीते तीन सप्ताह में विज के साथ हुई इस तरह की दूसरी दुर्घटना है। ताजा घटना बहादुरगढ़ शहर के निकट उस स्थान के पास हुई, जबकि पिछली दुर्घटना 19 दिसंबर को हुई थी। दोनों मौकों पर वह अपने निर्वाचन क्षेत्र अंबाला कैंट से गुरुग्राम जा रहे थे।

गत 19 दिसंबर को हुई दुर्घटना के बाद उन्हें आधिकारिक वाहन के रूप में वॉल्वो की कार दी गई थी। विज ने कहा कि शनिवार की घटना उस समय हुई, जब वह कुछ देर के लिए केएमपी एक्सप्रेसवे पर रुके थे।

विज ने फोन पर कहा कि आज की घटना उसी जगह के करीब हुई, जहां पिछली घटना हुई थी। हम कुछ देर केएमपी पर रुके थे और मैं अपनी कार में बैठा था कि अचानक एक ट्रक ने मेरे काफिले में शामिल वाहन को टक्कर मार दी, जो मेरी कार से लगभग 10 फुट पीछे था। इसके बाद काफिले में शामिल वाहन मेरी कार से टकरा गया। मेरी कार क्षतिग्रस्त हो गई। सभी बाल-बाल बच गए। उन्होंने कहा कि घटना के समय वह गुरुग्राम जा रहे थे।

गत 19 दिसंबर को केएमपी एक्सप्रेसवे पर विज के सरकारी वाहन का 'शॉक एब्जॉर्बर' खराब हो गया था, जिसमें विज बाल-बाल बच गए थे। उस वक्त भी वह अंबाला कैंट से गुरुग्राम जा रहे थे।  
 

 

#गृह मंत्री अनिल विज

Source : Agency

पाठको की राय