Monday, October 19th, 2026

हरियाणा सरकार पैरा शूटर सिंहराज अधाना को ढाई करोड़ रुपये और सरकारी नौकरी देगी 

चंडीगढ
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने तोक्यो पैरालिंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले निशानेबाज सिंहराज अधाना को ढाई करोड़ रुपये नकद पुरस्कार और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधाना ने हरियाणा और पूरे देश के लोगों के दिल जीते हैं। उन्होंने एक बयान में अधाना को बधाई दी और उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामना भी दी। पोलियो के शिकार अधाना ने पहली बार पैरालिंपिक में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच वन स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। पहली बार पैरालिंपिक में भाग ले रहे 39 वर्षीय सिंहराज ने कुल 216.8 अंक बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने छठे स्थान पर रहकर आठ निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाई थी।

भारत का यह तोक्यो पैरालिंपिक में निशानेबाजी में दूसरा पदक है। सोमवार को अवनि लेखरा ने आर-2 महिला 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। भारत की तोक्यो पैरालिंपिक में पदकों की संख्या 10 पहुंच गई है। सिंहराज शीर्ष तीन में जगह बनाने के लिए शुरू से ही संघर्षरत थे। उनका 19वां शॉट सही नहीं लगा जिससे वह पिछड़ गए थे लेकिन उनका 20वां प्रयास अच्छा रहा जबकि इसमें चीन के झियालोंग लोउ 8.6 अंक ही बना पाए। हरियाणा के बहादुरगढ़ के रहने वाले सिंहराज केवल चार साल पहले इस खेल से जुड़े। वह फरीदाबाद के सैनिक स्कूल के चेयरमैन भी रह चुके हैं। उनके दादाजी देश के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े रहे तथा दूसरे विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटिश भारतीय सेना में कार्यरत थे। सिंहराज ने यूएई के अल अईन में 2021 पैरा खेल विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतकर पैरालिंपिक में जगह बनाई थी।
 

 

#हरियाणा सरकार

Source : Agency

पाठको की राय