Wednesday, October 21st, 2026

एक ही ओवर में 3 विकेट झटक हर्षल पटेल ने रचा इतिहास, तोड़ा चहल का बड़ा रिकॉर्ड 

नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का दूसरा लेग यूएई में खेला जा रहा है जिसमें आरसीबी के दायें हाथ के मीडियम पेसर हर्षल पटेल का जलवा लगातार देखने को मिल रहा है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ आखिरी मैच में हैट्रिक हासिल करने वाले हर्षल पटेल बुधवार को जब दुबई के मैदान पर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गेंदबाजी करने उतरे तो पहले 3 ओवर में कोई विकेट हासिल नहीं कर सके थे, जिसके बाद ऐसा लगा मानों यह युवा गेंदबाज इस मैच में अपना जलवा नहीं दिखा पायेगा, हालांकि ऐसा हुआ नहीं। कप्तान विराट कोहली ने इस गेंदबाज को पारी का आखिरी ओवर करने के लिये भेजा जिसमें उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 4 रन दिये और 3 विकेट हासिल किये। 

 हर्षल पटेल ने अपने इस ओवर की दूसरी गेंद पर पहले रियान पराग (9) को विराट कोहली के हाथों कैच कराया तो वहीं अगली ही गेंद पर क्रिस मॉरिस (14) को देवदत्त पाड्डिकल के हाथों कैच कराया। लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेने के बाद ऐसा लगा जैसे कि हर्षल पटेल एक बार फिर से हैट्रिक लेकर आईपीएल के इतिहास में लगातार दो मैचों में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बन जायेंगे पर ऐसा हुआ नहीं और चेतन साकरिया ने एक रन लेकर इस मौके को तब्दील नहीं होने दिया। वहीं ओवर की आखिरी गेंद पर हर्षल पटेल ने साकरिया को डिविलियर्स के हाथों कैच कराकर अपना तीसरा विकेट हासिल किया। 

आखिरी ओवर में विकेट लेने में माहिर हैं हर्षल अपनी गेंदबाजी की इस पारी के साथ ही हर्षल पटेल ने आईपीएल का बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया और पारी के 20वें ओवर में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में टॉप पर पहुंच गये हैं। हर्षल पटेल ने आरसीबी के लिये 20वें ओवर में गेंदबाजी करते हुए अब तक 10 विकेट हासिल कर लिये हैं। वहीं इस लिस्ट में दूसरा नाम मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट का है जिन्होंने 20वें ओवर में अब तक 5 विकेट हासिल किये हैं। वहीं सीएसके की ओर से खेलने वाले ड्वेन ब्रावो 4 विकेट के साथ इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर काबिज है। 

हर्षल पटेल ने चहल को छोड़ा पीछे इतना ही नहीं हर्षल पटेल ने इस मैच में जैसे ही रियान पराग का विकेट हासिल किया अपनी टीम के साथी गेंदबाजी युजवेंद्र चहल को पीछे छोड़ते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। हर्षल पटेल अब आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले अनकैप्ड प्लेयर की लिस्ट में टॉप पर पहुंच गये हैं। युजवेंद्र चहल ने साल 2015 में भारत के लिये डेब्यू करने से पहले एक सीजन में 23 विकेट चटकाये थे। वहीं हर्षल पटेल इस सीजन अब तक 26 विकेट हासिल कर चुके हैं और सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले अनकैप्ड बॉलर बन गये हैं। 

इस लिस्ट में सिद्धार्थ कौल का नाम भी शामिल है जिन्होंने 2018 में आईपीएल के एक सीजन में 21 विकेट हासिल किये थे। पर्पल कैप होल्डर की लिस्ट में सबसे आगे हैं हर्षल पटेल गौरतलब है कि आईपीएल 2021 में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में भी हर्षल पटेल टॉप पर काबिज हैं और इसी वजह से पर्पल कैप उनके सिर पर है। हर्षल पटेल ने अब तक खेले गये 11 मैचों में 26 विकटे चटकाये हैं जिसमें एक हैट्रिक, 7 बार हैट्रिक चांस और एक मैच में 5 विकेट भी अपने नाम किये हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मुंबई इंडियंस के खिलाफ आया था जिसमें उन्होंने 27 रन देकर 5 विकेट हासिल किये थे। वहीं इस लिस्ट में दूसरा नाम आवेश खान का है जो कि 18 विकेट पर काबिज है। ऐसे में दोनों गेंदबाजों के बीच विकेट का काफी बड़ा अंतर नजर आ रहा है। जसप्रीत बुमराह 16 विकेट के साथ तीसरे पायदान पर काबिज हैं। 

 

Source : Agency

पाठको की राय