Wednesday, October 21st, 2026

हरीश चौधरी ने किया दावा, कहा-गहलोत के साथ 100 से ज्यादा विधायक

जयपुर
पंजाब के बाद राजस्थान में भी नेतृत्व परिवर्तन के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि समय-समय पर इस कयास को धता बताने की कोशिशें होती रही हैं। कुछ ऐसी ही कोशिश राजस्थान में इन दिनों होती नजर आ रही है। यहां पर अशोक गहलोत सरकार में राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने पंजाब की तर्ज पर राजस्थान में नेतृत्व परिवर्तन के कयासों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समर्थन में सौ से ज्यादा विधायक हैं।

यहां पर परिस्थितियां अलग 
पंजाब में मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को बदलने के लिए पर्यवेक्षक बनाये गये श्री चौधरी ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि कि राजस्थान में परिस्थितियां पंजाब से अलग हैं। उन्होंने कहा कि गहलोत का स्वास्थ्य ठीक नहीं होने से उनका दिल्ली जाने का कार्यक्रम नहीं हो पाया।  पंजाब की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कैप्टन को बहुत कुछ दिया। विधायकों के चाहने पर ही उन्हें बदला गया। 

कैप्टन का अपमान नहीं हुआ
हरीश चौधरी ने कहा कि विधायकों की मांग के कारण ही कैप्टन अमरिंदर सिंह को हटाया गया। ऐसे में उनके अपमान का कोई सवाल ही नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब में ऐतिहासिक निर्णय हुआ है। एक व्यक्ति जिसने टेंन्ट मजदूर के तौर पर काम किया उसे मुख्यमंत्री बनाया गया है जो कांग्रेस में ही संभव है। पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ हुई मुलाकात के मामले में श्री चौधरी ने कोई टिप्पणी नहीं की।

 

#Harish Chaudhary

Source : Agency

पाठको की राय