Tuesday, October 20th, 2026

हरिद्वार: 4.47 करोड़ के पुराने नोटों के साथ 7 गिरफ्तार, 500 और 1000 के थे नोट

हरिद्वार
चलन से बाहर हो चुकी पुरानी करेंसी के साथ 07 लोगों को उत्‍तराखंड पुलिस की स्‍पेशल टास्‍क फोर्स (एसटीएफ) ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के पास से 500 और 1000 के पुराने 4.47 करोड़ रुपए बरामद हुए हैं। पुराने नोट मिलने के बाद एसटीएफ ने इस मामले की जानकारी इनकम टैक्स और अन्य जांच एजेंसियों को भी दी है। शुरुआती पड़ताल में यह सामने आया है कि यह गैंग किसी अधिकारी की मदद से पुरानी करेंसी बदलने का नेटवर्क चला रहा था।
 
खबर के मुताबिक, एसटीएफ की टीम को पुरानी करेंसी बदले जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर एसटीएफ इंस्पेक्टर अब्दुल कलाम ने टीम के साथ मध्य हरिद्वार की विकास कॉलोनी में छापा मार। यहां से एसटीएफ ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में आरोपियों के कब्जे से नोटबंदी से पहले चलने वाले करीब 4 करोड़ 47 लाख रुपये की करेंसी बरामद हुई है। ये सभी नोट 500 और 1000 के बताए जा रहे हैं।
 

शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह गैंग आरबीआई के किसी अधिकारी के संपर्क में था, जिसकी मदद से वह पुरानी करेंसी बदलने की फिराक में था। फिलहाल ज्‍वालापुर थाने में आरोपितों से पूछताछ जारी है। इनमें एक मीडिया कर्मी भी बताया जा रहा है। एसटीएफ के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में चार उत्तर प्रदेश के, दो देहरादून और एक हरिद्वार का रहने वाला है। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ चल रही है कि वे नोट कहां से लेकर आए और उनका ऐसा करने के पीछे क्या मोटिव था।

 

#हरिद्वार

Source : Agency

पाठको की राय