Saturday, October 24th, 2026

हर घर नल योजना की उड़ी हवाई, ट्रायल के दौरान फटा पाइप, मोहल्ले में जमा हुआ पानी

कहलगांव 
हर घर नल योजना की गुणवत्ता पर उस वक्त सवाल खड़े हो गये जब भागलपुर जिले के शहर के पूरब टोला के वार्ड नंबर 16 में शुक्रवार को ट्रायल के क्रम में ही पाइप फट गया। इससे मोहल्ले में जल जमाव की नौबत आ गई। सड़क पर पानी का काफी बहाव होने लगा। इससे किसी के घरों में बेशक पानी नहीं पहुंचा लेकिन हर घर नल योजना की हवा हवाई जरूर उड़ गई। मालूम हो कि नगर पंचायत के जल श्रमिकों की हड़ताल समाप्त होने के बाद तीसरे दिन पानी आपूर्ति शुरू करने का प्रयास किया गया। पुराने पाइप लाइन में न भेजकर पीएचईडी अधिकारियों ने हर घर नल योजना के लिए लगाये गये पाइप लाइन में ट्रायल के लिये पानी को डायवर्ट कर दिया जो पूरी तरह नाकमयाब रहा।  ऐसे में शहर के वार्ड नंबर 14, 15 और 17 में जलापूर्ति नहीं हो सकी। इस तरह तीसरे दिन भी उक्त वार्डों के लोग पेयजलापूर्ति से वंचित रहे। पीएचईडी के सहायक अभियंता विकास कुमार ने बताया कि अब हर घर नल योजना का ट्रायल अलग से किया जाएगा ताकि शहरी जलापूर्ति प्रभावित न हो।
 

 

#Har Ghar Nal Yojana

Source : Agency

पाठको की राय