हैप्पी बर्थ डे : 29 साल पुराना हो गया नीम का पेड़
( अमिताभ पाण्डेय )
भोपाल । भोपाल शहर के पिपलानी इलाके में स्थित आदर्श मार्केट में लगे नीम के पेड़ को आज 29 साल पूरे हो गए । पर्यावरण प्रेमियों ने आज की तारीख को 29 साल पहले जो नीम का पौधा लगाया था वो लगातार देखभाल करने से पेड़ बन गया है। इसका 29 वां जन्मदिन समारोह पूर्वक केक काटकर मनाया गया। पर्यावरण को समर्पित इस अनमोल धरोहर की 29 वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व पुलिस महानिदेशक एस के राउत थे ।
इसके साथ ही कस्तूरबा अस्पताल की प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ अर्चना तिवारी, बीएचएल के महाप्रबंधक अविनाश चंद्र , बीके सिंह , कमांडेंट हरीश सिंह, नगर प्रशासक राजीव ठाकुर , समाजसेवी राजकुमार अग्रवाल , लिम्का बुक रिकार्ड के लिए प्रसिद्ध सुधीर पंड्या सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी उपस्थित थे । इस कार्यक्रम में पूर्व महाप्रबंधक विजय जोशी ने बताया कि नीम का पौधा 29 वर्ष पूर्व यहां पर लगाया गया था ।
हम सबके लगातार पर्यावरण प्रेम के कारण यह बढ़ता चला जा रहा है । हम इसको पेड़ बनते हुए देखकर बहुत खुश हैं । लोगों से यह उम्मीद करते हैं कि सभी अपने जीवन में पौधारोपण को प्रोत्साहित करें ।अधिक से अधिक पेड़ लगाएं। इस अवसर पर उपस्थित सभी पर्यावरण प्रेमियों में अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।

पाठको की राय