एमपी का स्विट्जरलैंड में हनुवंतिया जल महोत्सव से होगा फिर गुलजार
इंदौर
कोरोना काल के बाद मध्य प्रदेश के ‘स्विट्जरलैंड’ में एक बार फिर पर्यटकों का तांता लगने लगा है. राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हनुवंतिया ‘जल महोत्सव’ का शनिवार को शुभारंभ किया. ‘जल महोत्सव’ में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए इंदौर से हनुवंतिया आने-जाने के लिए दो महीने तक प्रतिदिन बस का संचालन भी किया जाएगा. ‘जल महोत्सव’ के दौरान लग्जरी रीगल सीरीज बोट, 40 फीट हाई रोप स्विंग और जिप साइकल आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगे.
‘जल महोत्सव’ में साहसिक खेलों को ध्यान में रखते हुए उत्साहवर्धक गतिविधियों के आयोजनों का भी निर्णय लिया गया है. इसके अलावा पर्यटक एडवेंचर से संबंधित सभी गतिविधियों जैसे पैरामोटरिंग, पैरासेलिंग, स्पीड बोट, जेट स्काई, मोटर बोट राइडिंग, हॉट एयर बैलूनिंग, साइकिलिंग, क्रूज़ बोटिंग, आइलैंड कैम्पिंग, स्टार गेजिंग, बर्ड वॉचिंग आदि का भी आनंद ले सकेंगे.
इंदिरा सागर बांध में स्थित हनुवंतिया टापू में पर्यटकों के लिए टेंट सिटी का संचालन 1 नवंबर 2021 से किया जा रहा है. टेंट सिटी में 104 लग्जरी स्विस टेंट्स के साथ कॉर्पोरेट सम्मेलनों के लिए एसी हॉल की भी सुविधा होगी.
हनुवंतिया में दूरदराज से आए पर्यटक 60 सीटर क्रूज में बैठकर करीब 45 मिनट जलाशय में सैर कर सकते हैं,क्रूज की सैर के लिए कम से कम 10 सवारी होना अनिवार्य है,गहरे पानी में पार्टी के शौकीनों के लिए इस क्रूज को बुक किया जा सकता है.
महोत्सव के दौरान कोविड -19 महामारी को ध्यान में रखते हुए पर्यटकों को मास्क लगाना अनिवार्य होगा, पर्यटकों को मास्क और सेनिटाइजर्स भी उपलब्ध कराये जाएंगे. टेंट सिटी में विभिन्न स्थानों पर भी सेनीटाइजर स्टेंड लगाये जाएंगे.

पाठको की राय